×

Hardoi: CM योगी की सौगात, 541 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, बोले- भय मुक्त समाज की कल्पना हुई पूरी

CM Yogi Hardoi Visit : सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, योजनाएं पहले भी बनती थी लेकिन हमारी सरकार में योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं तक पहुंच रहा है।

Pulkit Sharma
Published on: 2 Nov 2023 10:07 AM GMT (Updated on: 2 Nov 2023 10:26 AM GMT)
CM Yogi Hardoi Visit
X

सीएम योगी आदित्यनाथ (Social Media)

CM Yogi Hardoi Visit : यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार (02 नवंबर) को हरदोई दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री ने हरदोई को 541 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने महिला किसानों को ट्रैक्टर, दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, उज्जवल योजना के अंतर्गत महिलाओं को सिलेंडर के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व टूल किट बांटे। वितरण के साथ लाभार्थियों से बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर हरदोई जिला प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ था। बुधवार को आईजी रेंज लखनऊ तरुण गाबा (IG Range Lucknow Tarun Gaba) द्वारा भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे।

ग्रामीणों में दिखा उत्साह

मुख्यमंत्री योगी आज सुबह करीब 10:30 बजे हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील के उधरनपुर गांव पहुंचे। उनके आगमन को लेकर ग्रामीणों में में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री का भाषण सुनने जिले के कोने-कोने से लोग उधरनपुर पहुंचे। हरदोई में मुख्यमंत्री लगभग 1 घंटे रुके। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही तमाम योजनाओं के बारे में बताया।

CM योगी- पहले योजनाओं का लाभ मिलना था चुनौती

ऊधरनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'योजनाएं हमेशा ही बनती थी। लेकिन, योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को मिलना हमेशा ही चुनौती रहा है। मगर, पिछले 9 वर्ष के भीतर 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के अंतर्गत देश में जहां 4 करोड़ गरीब लोगों को मकान मिले। उत्तर प्रदेश में 'डबल इंजन' सरकार बनने के बाद सिर्फ हरदोई में ही 1 लाख 12 हजार से अधिक गरीब लोगों को मकान उपलब्ध कराया गया।'

40 हजार महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'शोषण मुक्त समाज की कभी कल्पना होती थी। लेकिन आज वह साकार होता नजर आ रहा है। प्रदेश में डबल इंजन सरकार आने के बाद जो कदम उठाए गए, आज उसका परिणाम भी हम सबके सामने हैं। आने के साथ ही हम लोगों ने प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा के लिए महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए है। इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी कार्यक्रम बनाए गए। आज उसके परिणाम हम सबके सामने आते हैं। वर्ष 1947 से लेकर के 2017 तक इन 70 वर्षों में पुलिस में उत्तर प्रदेश में केवल 10000 महिला कांस्टेबल कार्यरत थी। आज मैं ये कह सकता हूं पिछले 6 वर्ष के अंदर अतिरिक्त भर्ती के कार्यक्रम को हमने सफलतापूर्वक उत्तर प्रदेश में लागू किया। आज उसका परिणाम है प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या वर्तमान में 40 हज़ार है।

पीएम मोदी के 'खेलो इंडिया', 'फिट इंडिया' का दिखा असर

सीएम योगी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश में 20 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती की व्यवस्था होनी चाहिए। उसका परिणाम है कि डेढ़ लाख भर्ती में 30000 महिलायें थी। इसी तरह, एशियन गेम्स में पहली बार प्रधानमंत्री के द्वारा चलाई गई योजना का लाभ मिला। पहली बार आपने देखा होगा कि, 'खेलो इंडिया' या 'फिट इंडिया' का परिणाम हम सबके सामने है। इसमें महिलाओं ने भी किसी रूप में बाजी मारी है। एशियन गेम्स में भारत को जितने गोल्ड मेडल मिले हैं, उतना कभी देखने को नहीं मिला। पहली बार भारत ने मैडल का आंकड़ा 100 के पार पहुंचाया। भारत के खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में अर्जित किए।'

'एशियन गेम्स विजेता बनेंगे डिप्टी एसपी'

उन्होंने कहा, विजेताओं का दो ही लक्ष्य था। एक, देश के लिए मेडल जीतना और दूसरा मेडल जीतकर उत्तर प्रदेश में डिप्टी एसपी के पद पर जाना। राज्य सरकार ने भी तय किया है जो भी खिलाड़ी ओलंपिक में, एशियन गेम्स में, कॉमनवेल्थ गेम्स में , विश्व चैंपियनशिप के किसी भी प्रतियोगिता में देश के लिए मेडल जीतेगा राज्य सरकार मॉडल के अनुसार शासन के विभिन्न सेवाओं में समायोजन करने की व्यवस्था करेगी।हम लोगों ने इससे पहले ओलंपिक में मेडल जीतने वाले भारतीय टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी के समायोजित किया है।'


aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story