Hardoi News : चोर मस्त पुलिस पस्त, ताबड़तोड़ चोरियों से थर्राया जनपद, मल्लावा में लोगो ने किया राजमार्ग को जाम

Hardoi News : सीओ पहुंचे मनाने तो नहीं सुनी जनता, बोली-जिला का कोई बड़ा अधिकारी आएगा तभी होगी बात।

Pulkit Sharma
Published on: 1 July 2023 9:08 AM GMT
Hardoi News : चोर मस्त पुलिस पस्त, ताबड़तोड़ चोरियों से थर्राया जनपद, मल्लावा में लोगो ने किया राजमार्ग को जाम
X

Hardoi News : जनपद के मल्लावां थाना क्षेत्र के नयागांव चैराहा में शुक्रवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने अंग्रेजी शराब, देशी शराब ठेका, सोने चाँदी समेत मिठाई की दुकान के शटर व ताले तोड़कर लाखों रुपए व सामान चुरा ले गये। चैराहे पर रात्रि में पुलिस ड्यूटी पर सिपाहियों के रहते हुए चोरों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनोती दी है। इसको लेकर दुकानदारों में भारी आक्रोश है। आम लोगों और दुकानदारों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर जमकर विरोध जताया।

सूचना मिलते ही सीओ बिलग्राम सतेंद्र सिंह नयागांव पहुंचे और व्यपारियों को समझाते हुए कहा कि चोरी का खुलासा कर जल्द मुजरिमों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने व्यपारियो से जाम खोलने की अपील की, लेकिन व्यापारी जिले से किसी बड़े अधिकारी को बुलाने पर अड़े हुए हैं। बीते कई दिनों में मल्लावा में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। चोरी की बढ़ी घटनाओं के बाद भी पुलिस के सुस्त रवैये को लेकर क्षेत्र के लोगो में खासा नाराजगी देखने को मिल रही थी। बीती रात हुई ताबड़तोड़ चोरियों ने क्षेत्र के लोगो में पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर आक्रोश उत्पन्न कर दिया जिसके बाद दुकानदारों ने पुलिस विभाग के खिलाफ लामबंद होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताते चलें कि 27 जून तक मल्लावा में चार चोरियों से क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त था। वहीं 30 जून की रात को हुई कई दुकानों में चोरी से लोगों का आक्रोश फुट गया और व्यापारियों ने क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर जाम लगा दिया है। जाम की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अधिकारी लोगों को समझाने में लगे हुए हैं। पुलिस के अधिकारियों द्वारा जल्द खुलासे का आवासन भी दिया गया है।

शहर से लेकर कस्बों तक चोरों का आतंक-

बीते कई दिनों से जनपद में चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई है। शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण इलाकों में चोरी के मामले सामने आये हैं। हाल की में शहर के पॉश इलाके में चोरों ने एक शिक्षक के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद 27 जून की रात को शहर के न्यू सिविल लाइन में इंजीनियर के घर पर चोरों ने लाखों रुपए के सामान पर अपना हाथ साफ कर दिया था। वहीं 27 जून की रात को बघौली थाना के बगल में ही रहने वाले एक रेलकर्मी के घर में चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने रेलकर्मी के घर से भी लाखों रुपए के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। थाने के बगल हुई चोरी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। फिलहाल जनपद में हो रही चोरियों का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। जनपद में हो रही ताबड़तोड़ चोरियों से जनपद के लोगों में भय की स्थिति बनी हुई है। वहीं पुलिस के अधिकारियों द्वारा चोरियों वाले क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story