Hardoi News: मंदिर की तरह सजाया जा रहा रसखान प्रेक्षागृह, प्राण प्रतिष्ठा समारोह का होगा लाइव प्रसारण

Hardoi News: रसखान प्रेक्षागृह 22 जनवरी को एक भवन नहीं बल्कि मंदिर के रूप में नजर आएगा। भगवान राम के होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रसखान प्रेक्षागृह को मंदिर का रूप देने की तैयारी है।

Pulkit Sharma
Published on: 20 Jan 2024 12:06 PM GMT
hardoi news
X

हरदोई में मंदिर की तरह सजाया जा रहा रसखान प्रेक्षागृह (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले भव्य राम मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चारों और उत्साह का माहौल है। ऐसे में हरदोई जनपद में भी भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जनमानस में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह-सुबह प्रभात फेरी निकाल कर भगवान राम के जय घोष लग रहे हैं। तो वहीं घरों पर भगवान राम का पताका पहरा रहा है। चारों ओर आस्था व श्रद्धा का जन सैलाब उमड़ा हुआ है। हरदोई से दो युवा स्केटिंग करते हुए अयोध्या के लिए रवाना हुए।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी 22 तारीख को उत्सव मनाने की तैयारी की गई है। जिम्मेदारों को जिला प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं। हरदोई का रसखान प्रेक्षागृह 22 जनवरी को एक भवन नहीं बल्कि मंदिर के रूप में नजर आएगा। भगवान राम के होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रसखान प्रेक्षागृह को मंदिर का रूप देने की तैयारी है। रसखान प्रेक्षागृह में राम उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

होंगे कई आयोजन

22 जनवरी को रसखान प्रेक्षागृह में होने वाले भव्य आयोजन की आयोजक सुहाना जैन ने बताया कि सुबह 10 बजे से रसखान प्रेक्षागृह में आयोजनों की शुरुआत होगी। मुख्य अतिथि के तौर पर वृंदावन के पीठाधीश्वर स्वामी धनंजय दास महाराज व विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी होंगे। इसी के साथ आयोजन की अध्यक्षता आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल द्वारा की जाएगी। 22 तारीख को होने वाले आयोजन को लेकर रसखान प्रेक्षागृह को सजाया जाएगा।

रसखान प्रेक्षागृह को एक मंदिर के रूप में सजाया जाएगा। 22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व कार्य सेवा में दिवंगत हुए कार्य सेवकों के परिवार व जनपद के कार्य सेवकों को सम्मानित करने का कार्य किया जाएगा। भगवान राम का आज जो भव्य मंदिर बन रहा है। वह दिवंगत कार्य सेवकों की देन है। उनके जोश और जज्बे को आज देश नमन कर रहा है।

इसी दिन गरीब व असहाय व्यक्तियों को कंबल वितरण का कार्यक्रम भी किया जाएगा साथ ही भंडारे का भी आयोजन किया गया है। रसखान प्रेक्षागृह में अयोध्या में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण बड़ी एलइडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। सुहाना जैन ने लोगों से इस आयोजन में आने की अपील की है। सुहाना जैन ने कहा कि इस दिन का प्रत्येक सनातनी को बेसब्री से इंतजार था।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story