×

Hardoi News: हरदोई पुलिस ही नहीं सुरक्षित! पुलिस क्लब में हुई चोरी, आमजन कैसे रहेगा महफूज़?

Hardoi News: चोरों द्वारा बघौली में पुलिस के घर को निशाना बनाया गया था। इसके बाद चोरों ने अब पुलिस क्लब को निशाना बनाया। चोरों ने पुलिस क्लब में दरोगा के बक्से की कुंडी तोड़ उसमें रखा असलहा पर अपना हाथ साफ कर दिया।

Pulkit Sharma
Published on: 9 March 2024 11:04 AM GMT
Hardoi News
X

हरदोई पुलिस क्लब source: Newstarck  

Hardoi News: जनपद में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि अब पुलिस तक को नहीं बख्श रहे हैं। चोरों द्वारा बघौली में पुलिस के घर को निशाना बनाया गया था। इसके बाद चोरों ने अब पुलिस क्लब को निशाना बनाया। चोरों ने पुलिस क्लब में दरोगा के बक्से की कुंडी तोड़ उसमें रखा असलहा पर अपना हाथ साफ कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दरोगा छुट्टी पर गए हुए थे। वापस जब लौटे तब बक्से की कुंडी टूटी हुई मिली और अंदर रखा सरकारी असलाह ग़ायब मिला।

जैसे ही पुलिस के अधिकारियों को इसकी जानकारी लगी। पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा अभियोग पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। जनपद में पुलिस चोरी की घटनाओं को रोकने में पूरी तरह से असफल है। अब ऐसे में पुलिस ही जब महफूज़ न हो तो आम लोगों की सुरक्षा की बात कैसे की जाये।

शहर कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा

हरदोई पुलिस (हरदोई Police) पर लगातार नियमों और कानून की अनदेखी करने के आरोप लगाते रहते हैं। हरदोई पुलिस नियमों की भी जमकर अनदेखी करती है। नियम के मुताबिक जब कोई निरीक्षक, उप निरीक्षक या आरक्षी छुट्टी पर जाता है तो यदि उसके पास सरकारी असलाह है तो उसको थाने में जमा करने का प्रावधान है। लेकिन हरदोई पुलिस नियमों का पालन कराने में पीछे है। हरदोई में पिआरवी 2714 पर तैनात जोगेंद्र सिंह छुट्टी पर गए हुए थे। जोगेंद्र सिंह के पास एक सरकारी पिस्टल थी। जिसे वह बक्से में रखकर छुट्टी पर चले गए। जोगेंद्र सिंह पुलिस लाइन में बने क्लब में रह रहे थे। जब जोगेंद्र सिंह छुट्टी से वापस लौटे तो देखा की बक्से की कुंडी टूटी हुई थी और बक्से में रखी सरकारी पिस्टल गायब थी।

सरकारी पिस्टल को गायब देख उप निरीक्षक जोगेंद्र सिंह के पैरों तलें जमीन खिसक गई। जोगेंद्र सिंह द्वारा मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई और चोरी का मुकदमा शहर कोतवाली में दर्ज कराई गई। फिलहाल सरकारी पिस्टल पुलिस लाइन के क्लब से चोरी होने के मामले की जानकारी जैसे ही महकमें को लगी महकमें में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि मामला कोतवाली शहर का है। जहां पर उप निरीक्षक जोगेंद्र सिंह द्वारा शहर कोतवाली में सूचना दी गई कि वह 5 मार्च से 3 दिन की छुट्टी पर गए थे।जब छुट्टी से लौटे तब उन्होंने अपने बक्से की कुंडी टूटी हुई पाई और बक्से में रखी पिस्टल को गायब पाया। शहर कोतवाली में इस मामले में अभियोग पंजीकृत किया गया है। कई टीम इस मामले के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story