प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल, एक लाख से ज़्यादा आबादी पर महज़ चार वाटर कूलर

Hardoi: प्रचंड गर्मी में हरदोई आने वाले ग्रामीण क्षेत्र के लोगों व शहर में आवश्यक कार्य के लिए घर से निकलने वाले लोगों को प्रचंड गर्मी में नगर पालिका की कोताही का दंश झेलना पड़ रहा है।

Pulkit Sharma
Published on: 19 Jun 2024 11:11 AM GMT
hardoi news
X

हरदोई में प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: प्रदेश के साथ जनपद में भी दिन पर दिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया है। आलम यह है कि सुबह 11 बजते ही सड़कों पर धीरे-धीरे करके सन्नाटा पसरने लगता है। प्रचंड गर्मी लू के चलते लोग अपने घरों से निकलने को राजी नहीं है। प्रचंड गर्मी को लेकर जिलाधिकारी की ओर से भी लगातार एडवाइजरियां जारी की जा रही हैं। फिलहाल मानसून को लेकर भी अभी तक कुछ जानकारियां निकलकर सामने नहीं आई है।

प्रचंड गर्मी में हरदोई आने वाले ग्रामीण क्षेत्र के लोगों व शहर में आवश्यक कार्य के लिए घर से निकलने वाले लोगों को प्रचंड गर्मी में नगर पालिका की कोताही का दंश झेलना पड़ रहा है। 125000 की आबादी में नगर पालिका द्वारा महज़ चार वाटर कूलर से ही शहर वासियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों के प्यास बुझाने का इंतजाम किया गया है जबकि नगर पालिका की ओर से कहीं भी अस्थाई शेल्टर गर्मी से बचाव के लिए नहीं बनाए गए हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र से हरदोई पहुंचे लोगों को लू के थपेड़ों से बचने का कोई भी साधन उपलब्ध नहीं है।

लगातार जारी हो रही एडवाइज़री

हरदोई शहर में लगभग 125000 की आबादी है। इसके साथ ही प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग ग्रामीण क्षेत्र से अपने कार्य को लेकर हरदोई शहर पहुंचते हैं। इन दिनों प्रचंड गर्मी लू के थपेड़ो ने यहां पहुंचने वाले ग्रामीणों को ख़ासा परेशान कर रखा है। हरदोई शहर में पेड़ों की काफी कमी हो गई है। शहर का धर्मशाला रोड हो या सिनेमा चौराहा या फिर स्टेशन रोड यहां कहीं भी पेड़ आपको नहीं दिखेंगे जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी में छांव में मिल सके। जहां पेड़ लगे भी हैं वहां बिजली के तारों के चलते लगातार पेड़ों की छँटाई भी की जा रही है।

लू से बचने के लिए कहीं भी छांव ग्रामीणों को नहीं मिल रही हैं। प्रचंड गर्मी राहत पाने के लिए 125000 की आबादी में महज़ 4 वाटर कूलर ही सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैं जबकि इंडिया मार्का का हैंड पंप देखने को बड़ी मुश्किल से मिलेगा जो मिलेगा भी उसमें पानी मिल जाए तो यह आपकी किस्मत है। नगर पालिका की ओर से भी गर्मी और लू से लोगों को राहत दिलाने के लिए अस्थाई शेल्टर का कोई इंतजाम नहीं किया गया। उत्तर प्रदेश में अब तक प्रचंड गर्मी और लू से लगभग 117 लोगों की मौत हो चुकी है।

इसके बाद भी जिला प्रशासन और नगर पालिका द्वारा हरदोई शहर में कोई भी व्यापक प्रबंध नहीं किया जा रहे हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि दैवीय आपदा की गाइडलाइन में लोगों को लू से बचाव के लिए सलाह दी गई है। पानी की कमी पूरी करने के लिए जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस पैकेट के वितरण के लिए कॉर्नर बनवाए गए हैं। जिला चिकित्सालय में लूँ और गर्मी से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार के लिए एक वार्ड और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दो-दो बेड आरक्षित कराए गए हैं। गांव में तालाबों में पानी भराया जा रहा है।लू और गर्मी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story