×

Hardoi: माघ मेले में गई परिवहन निगम की बसें, यात्रियों की बढ़ गई मुश्किलें, अब कैसे करें यात्रा?

Hardoi News: हरदोई से परिवहन विभाग की बसों का संचालन कानपुर, दिल्ली,बनारस, फर्रुखाबाद, सीतापुर के साथ अन्य कई प्रमुख स्थानों के लिए संचालित होती है। जिले के लोगों ने बताया कि, पहले ही ट्रेनों का अभाव था।

Pulkit Sharma
Published on: 10 Feb 2024 2:41 PM GMT (Updated on: 10 Feb 2024 2:45 PM GMT)
Hardoi News
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Hardoi News: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। परिवहन निगम द्वारा हरदोई के यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए कई नई बसों को अपने बेड़े में शामिल किया। इसी के साथ तीर्थ स्थलों के लिए भी बसों का संचालन शुरू किया। हाल ही में परिवहन विभाग के अधिकारी के मुताबिक कई मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया गया, जिससे कि शहर के साथ कस्बों और ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।

यात्री अभी पूरी तरीके से लाभ ले भी नहीं पाए थे कि, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। एक तो जिले के रेल यात्रियों को पहले से रेलवे की मार झेलनी पड़ रही है, दूसरी तरफ परिवहन निगम ने भी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बसों के अभाव में यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा। बस जब आती है तो उसमें यात्रियों की संख्या इतनी अधिक हो जाती है कि, भीड़ की वजह से अधिकांश यात्री बस में चढ़ भी नहीं पाते।

132 बसों का होता था संचालन

प्रयागराज में माघ मेले (Magh Mela 2024) की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने हरदोई से कई बसों को माघ मेले के लिए भेज दिया गया है। मेले में परिवहन निगम की बसें जाने से जिले के लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हरदोई परिवहन निगम के डिपो से प्रतिदिन 132 बसों का संचालन अलग-अलग मार्गों पर होता था। इसके अलावा अन्य डिपो की बस भी हरदोई पहुंचा करती थी। आंकड़ों की मानें तो हरदोई परिवहन विभाग के डिपो से प्रतिदिन 10000 लोग बसों से यात्रा करते हैं।

बसों की संख्या घटी, भीड़ बढ़ी

बसों के माघ मेले में लगाए जाने से इनकी संख्या घट गई है। इसके साथ ही परिवहन निगम के डिपो पर पहुंचने वाले यात्रियों को अब असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बस यात्रियों को पहले तो घंटों बैठकर अपनी बस का इंतजार करना पड़ता है। बाद में बस में चढ़ने के लिए लंबी जद्दोजहद करनी पड़ती है। कई बार महिलाएं और बच्चे बस में चढ़ने के दौरान चोटिल भी हो जाते हैं।

पहले से ट्रेन का अभाव, यात्रियों पर दोहरी मार

हरदोई से परिवहन विभाग की बसों का संचालन कानपुर, दिल्ली,बनारस, फर्रुखाबाद, सीतापुर के साथ अन्य कई प्रमुख स्थानों के लिए संचालित होती है। जिले के लोगों ने बताया कि, पहले ही ट्रेनों का अभाव था। जनरल कोच में यात्रियों की संख्या इतनी रहती है कि खड़े होने तक की जगह नहीं रहती। इन सब बातों से परेशान होकर यात्री अब परिवहन निगम की ओर रुख कर रहे थे कि तभी परिवहन निगम ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी। ऐसे में जिले के यात्रियों को अब निजी वाहनों का ही सहारा लेना पड़ रहा है।

क्या कहते हैं संबंधित लोग?

परिवहन निगम हरदोई के क्षेत्रीय प्रबंधक अपराजिता श्रीवास्तव ने बताया कि माघ मेले में गई बसों के वापस आ जायेंगी। परीक्षा के संबंध में अभी प्रशासन की ओर से जिले के नाम नहीं दिए गए हैं। बसों की समस्या का निदान जल्द हो जाएगा। परीक्षा के दौरान आवेदक को समस्या नहीं होगी इसके लिए व्यवस्था की जा रही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story