Hardoi News: अज्ञात बदमाशों ने युवक को मारी गोली, जाँच में जुटी पुलिस

Hardoi News: बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं की बाइक सवार दो लोगों को रोक कर पहले नाम पूछा और फिर गोली मार दी। घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

Pulkit Sharma
Published on: 21 July 2024 9:39 AM GMT
hardoi news
X

हरदोई में अज्ञात बदमाशों ने युवक को मारी गोली (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: जिले में दिनदहाड़े बाइक से जा रहे एक युवक को गोली मार दी गई है। अज्ञात बदमाशों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं की बाइक सवार दो लोगों को रोक कर पहले नाम पूछा और फिर गोली मार दी। घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक के परिजन युवक को गंभीर हालत में लेकर लखनऊ ट्रामा सेंटर लेकर गए हैं जहां उनका उपचार जारी है। युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर क्षेत्राधिकार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित थाना अध्यक्ष को मामले में जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अज्ञात बदमाशों द्वारा युवक को गोली मारने के बाद घायल हुए युवक ने लगभग 100 मीटर तक बदमाशों का पीछा भी किया।

घटनास्थल पर पहुँचे एएसपी ने की गहनता से जाँच

हरदोई जनपद के बेनीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया के पास जंगल के रास्ते से तीन अज्ञात बाइक सवार व्यक्तियों ने बाइक सवार निर्मल सिंह पुत्र अनूप सिंह निवासी ग्राम करीमनगर थाना बेनीगंज वह गुरजीत सिंह को रास्ते में रोक लिया। बदमाशों द्वारा निर्मल सिंह और गुरजीत सिंह से नाम पूछा और उसके बाद निर्मल सिंह पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गये जिसके बाद गुरजीत सिंह जो कि रिश्ते में निर्मल सिंह के मामा है उनके द्वारा परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन निर्मल सिंह को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ लेकर चले गए।निर्मल सिंह के मामा गुरजीत सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल से वह अपने गांव करीमनगर से प्रताप नगर की ओर जा रहे थे कि तभी अज्ञात बदमाशों ने नाम पूछ कर हमला कर दिया।

घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची बेनीगंज थाना पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम मार्तंड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकार घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने कहा कि सुबह लगभग 10ः00 बजे थाने पर सूचना प्राप्त हुई की सरदार निर्मल सिंह जिनकी उम्र लगभग 30 वर्ष है वह अपने मामा के साथ मोटरसाइकिल से प्रताप नगर चौराहे की तरफ जा रहे थे।

रास्ते में उन पर जमुनिया के जंगल के बीच में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फायर किया गया जिसमें निर्मल सिंह को गोली लगी है जिन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया जहां पर उनका इलाज जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है पुलिस की टीम सीसीटीवी के माध्यम से घटनास्थल और घटना करने वाले लोगों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है। जल्द से जल्द घटना का अनावरण किया जाएगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story