Weather News: सावधान आसमान से बरस रही है आग, घर से निकलें तो कर लें ये इंतजाम

Weather News: सोमवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Ramkrishna Vajpei
Report Ramkrishna VajpeiPublished By Ragini Sinha
Published on: 5 April 2022 7:25 AM GMT
Uttar Pradesh weather
X

सावधान आसमान से बरस रही है आग (Social media)

Weather News: उत्तर प्रदेश समेत समूचा उत्तर भारत इन दिनों भीषण लू की चपेट में है। सोमवार को पारा 41 डिग्री के पार चला गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है। अगर भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान की बात करें, तो अगले 6 दिनों में भीषण लू चलेगी। अधिकतम तापमान 43 डिग्री को पार करने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम से गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।

पाकिस्तान और राजस्थान से गर्म हवाएं उत्तर प्रदेश पहुंच रही हैं। यही वजह है कि राजधानी लखनऊ समेत यूपी के तमाम शहरों में अप्रैल में ही लू शुरू हो गई है. आने वाले सप्ताह में गर्मी और बढ़ेगी। आईएमडी के मुताबिक 8 अप्रैल तक तापमान 42 डिग्री तक पहुंच जाएगा। 9 और 10 अप्रैल को भीषण गर्मी पड़ेगी और 43 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर जाएगी।

तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

सोमवार को लखनऊ में भीषण लू की स्थिति रही। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान भी 19 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। सुबह से ही गर्मी अपने चरम पर थी, सुबह नौ बजे पारा 27 डिग्री पर पहुंच गया. दोपहर 3 बजे ताज का पारा 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था. मंगलवार को दोपहर 11.40 बजे लखनऊ का पारा 34 डिग्री को पार कर रहा है।

भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने भी दोपहर के समय जब सूरज की किरणें अपने चरम पर हों, घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. बहुत जरूरी हो तो पानी पीकर और खुद को अच्छे से ढक कर ही निकलें। खीरा, तरबूज, खरबूजा जैसे मौसमी फल अच्छी मात्रा में खाएं।

उत्तर पश्चिम भारत में गर्म मौसम की स्थिति पैदा

आपको बता दें कि उत्तर भारत में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग की चेतावनी है कि दिल्ली में आज और कल भी गर्मी में कमी आने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 6 अप्रैल तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई हुई है। गर्मी की ताजा लहर के संबंध में आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि लंबे समय तक सूखे के कारण उत्तर पश्चिम भारत में गंभीर गर्म मौसम की स्थिति पैदा हो गई है।

जैसा कि आपको पता है भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पहले ही बता चुका है कि पिछला महीना 122 वर्षों में भारत में सबसे गर्म था। और इस महीने गर्मी अब तक के औसत अधिकतम तापमान मार्च 2010 के रिकॉर्ड को पार कर गयी। 2010 में, मार्च में भारत का औसत मासिक दिन का तापमान मार्च, 2022 में 33.09 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 33.10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में मार्च में औसतन बारिश 15.9 मिमी

आईएमडी के अधिकारियों का कहना है कि उत्तर भारत में मार्च में बारिश की कमी के कारण इतनी भीषण गर्मी हुई है। आम तौर पर, देश की राजधानी दिल्ली में मार्च में औसतन बारिश 15.9 मिमी होती है। इस बीच, आईएमडी ने अप्रैल में उत्तर भारत में हीटवेव की स्थिति की चेतावनी दी। जिसको लेकर सभी को घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर चेहरे और हाथ पैर ढककर निकलने की जरूरत है।

यदि सामान्य तापमान 4.5-6.4 डिग्री है, जब अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री या तटीय मौसम स्टेशनों में 37 तक पहुंच जाता है, तो हीटवेव घोषित कर दी जाती है। इसके अलावा कुछ अन्य मानदंड भी इसकी घोषणा का कारण बन सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, हीटवेव के संपर्क में आने पर हवा का तापमान मानव शरीर के लिए घातक हो जाता है इसलिए इस दौरान सभी को घरों से बाहर निकलते वक्त सावधान रहने की जरूरत है।

राजस्थान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान वर्तमान में सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे राज्य में लू की स्थिति बन रही है। साथ ही, मार्च महीने के दौरान, राज्य में 2.1 मिमी की बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से लगभग 48 प्रतिशत कम थी।

खजुराहो और नौगांव में अधिकतम 43 डिग्री तापमान

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, टीकमगढ़ और छतरपुर जिले के कुछ हिस्सों में भी भीषण गर्मी की लहर" यानी लू चल रही है, क्योंकि वहां कुछ स्थानों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। खंडवा और दमोह जिलों के साथ-साथ छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में अधिकतम 43 डिग्री तापमान के आसपास बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा प्रचंड गर्मी की चपेट में है, जो कई जिलों में फैल सकती है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और उत्तर पश्चिम से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभावित है।

झारखंड के कम से कम 10 जिलों में मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है। लू की चपेट में आने वाले जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, बोकारो, धनबाद, सिमडेगा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के अप्रतिबंधित प्रवाह के कारण पूरे झारखंड में अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी, जहां पहले से ही लू की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग की सलाह है कि लोगों को हल्के कपड़े पहनने चाहिए और दोपहर के समय बाहर जाने से बचना चाहिए, जब तक कि आवश्यक न हो। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि लोग ताजे अंगूर और तरबूज जैसे फल खा सकते हैं, हाइड्रेटेड रहने और हीटस्ट्रोक से सुरक्षित रहने के लिए फ़िज़ी पेय के सेवन को पानी से बदल सकते हैं।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story