×

Uttar Pradesh News: साल 2023 में 5.76 करोड़ श्रृद्धालु आए रामनगरी, 8.55 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया काशी का भ्रमण

Uttar Pradesh News: रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों का रेला उमड़ रहा है। प्रतिदिन लाखों लोग दर्शन-पूजन और भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं।

Aakanksha Dixit
Published on: 3 Feb 2024 8:00 AM GMT
Uttar Pradesh
X

राममंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर source: social media 

Uttar Pradesh News: अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद इतने दिनों बाद भी 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए हैं। यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। राममंदिर का पुनर्निर्माण होने के बाद उसकी सुंदरता देखते बनती है मंदिर और उसमे विराजमान भगवान राम की भव्य मूर्ति श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की बढ़ती हुई संख्या ने पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि की है।

जयवीर सिंह पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, ने बताया कि 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों का रेला उमड़ रहा है। प्रतिदिन लाखों लोग दर्शन-पूजन और भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र बहुत तेजी से विकास कर रहा है। पर्यटन स्थलों के साथ-साथ पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

सरकार ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के लिए भी कई विकल्पों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। अयोध्या और काशी, भगवान श्रीराम की नगरी और प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल नया कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। 2023 में, अयोध्या में 5.76 करोड़ और काशी में 8.55 करोड़ पर्यटकों ने भ्रमण किया है। यह संख्या 2022 के पर्यटकों की तुलना में अयोध्या में लगभग 3.36 करोड़ और काशी में 1.42 करोड़ अधिक है।

घरेलू पर्यटन में नंबर एक पर

घरेलू पर्यटन के मामले में उत्तर प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है। वर्ष 2022 में प्रदेश में 31,85,62,573 पर्यटक आए थे, जो वर्ष 2021 की तुलना में लगभग 180 प्रतिशत ज्यादा है। इस अद्भुत वृद्धि का अंदाजा लगाने के लिए यह जानकर भी हैरानी होती है कि वर्ष 2022 में अयोध्या में कुल 2,39,10,479 पर्यटक आए थे, जिसमें 2,39,09,014 घरेलू और 1,465 विदेशी शामिल थे। इस विकास के परिणामस्वरूप, वर्ष 2023 में भी अयोध्या में 5,75,70,896 श्रद्धालुओं ने भ्रमण किया, जिसमें 5,75,62,428 घरेलू और 8,468 विदेशी शामिल थे।

काशी में भी श्रद्धालुओं की भीड़

भगवान शिव की नगरी के रूप में प्रसिद्ध काशी में वर्ष 2022 में कुल 7,12,31,051 पर्यटक पहुंचे थे, जिसमें 7,11,47,310 घरेलू और 83,741 विदेशी पर्यटक थे। इसमें भी लगातार वृद्धि हुई है, और वर्ष 2023 में कुल 8,54,73,633 पर्यटक आए हैं, जिसमें 8,52,71,729 घरेलू और 2,01,904 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। प्रदेश में घरेलू पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। काशी में वर्ष 2022 की तुलना में 2023 में 1.18 लाख विदेशी पर्यटक बढ़े हैं, जबकि अयोध्या में वर्ष 2022 में 1,465 जबकि 2023 में 8,468 विदेशी पर्यटक आए थे।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story