×

Prayagraj News: बाल दिवस 2022 की पूर्व संध्या पर खुला देश का पहला निशुल्क केक बैंक, कैंसर पेशेंट और अनाथ बच्चों का जन्मदिन बनाएगा खास

Prayagraj News: केक बैंक को चर्चित समाजसेवी पंकज रिजवानी ने पिता की याद में सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक नाम से खोला है

Syed Raza
Report Syed Raza
Published on: 13 Nov 2022 7:40 AM GMT (Updated on: 13 Nov 2022 10:42 AM GMT)
Prayagraj News
X

प्रयागराज में बाल दिवस 2022 की पूर्व संध्या पर खुला निशुल्क केक बैंक

Prayagraj News: जिंदगी में महान बनने के लिए, किसी डिग्री की आवश्यकता नहीं होती, अच्छे संस्कार ही हमें इंसान बनाते हैं और यह कहावत प्रयागराज के रहने वाले पंकज रिजवानी के ऊपर बिल्कुल सटीक बैठती है। आज हम आपको प्रयागराज के एक अनोखे बैंक के बारे में बताने जा रहे हैं। इस केक बैंक को चर्चित समाजसेवी पंकज रिजवानी ने पिता की याद में सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक नाम से खोला है। एक दिन के एडीजी बने कैंसर पेशेट हर्ष दुबे ने इसका उद्घाटन किया है। इस मौके पर पद्मश्री डॉ बी पॉल ने कैंसर वार्ड में कैंसर पीड़ित बच्चे का जन्मदिन भी मनाया। जानिए आखिर क्या है खास इस सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक में..

आपने पैसों के लेनदेन वाला बैंक या रोटी बैंक , अनाज बैंक तो सुना होगा लेकिन जिले के रहने वाले पंकज रिजवानी ने देश के पहले निशुल्क केक बैंक की स्थापना की है। यह केक बैंक उन मासूम बच्चों के चेहरे पर रौनक लाएगा जो बच्चे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं या फिर अनाथ हैं। बाल दिवस से ठीक एक दिन पहले पंकज रिजवानी ने इस सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक की शुरुआत की है। इस केक बैंक का उद्घाटन कैंसर पेशेंट हर्ष दुबे ने किया। हर्ष दुबे वही बच्चा है जिसको 2 महीने पहले एडीजी प्रेम प्रकाश ने 1 दिन का एडीजी भी बनाया था। इस अनोखे सेवक राम केक बैंक के संस्थापक पंकज रिजवानी का कहना है कि उन्होंने अपने पिता की याद में इस केक बैंक को खोला है।


पंकज का कहना है कि सेवक राम उनके पिता का नाम है और जब वह जीवित थे तो उन्होंने पंकज को हमेशा कहा कि अनाथ बच्चो और कैंसर पेशेंट कि सबसे पहले मदद करनी चाहिए और अपने पिता के सपनों को पूरा करने के लिए पंकज रिजवानी ने इस बैंक को खोला है। इस केक बैंक में 12 साल तक के कैंसर पेशेंट और अनाथ बच्चों को उनके जन्मदिन के मौके पर निशुल्क केक मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए बकायदा शहर में कई जगह पोस्टर भी लगाए गए हैं जबकि फोन नंबर को भी जारी किया गया है।


आज इस अनोखे बैंक का उद्घाटन किया गया और इस अवसर पर कैंसर पेशेंट और अनाथ बच्चों के हाथों से केक काटा गया और सभी बच्चों को गिफ्ट भी दिए गए। इसके बाद प्रयागराज के कमला नेहरू अस्पताल के कैंसर वार्ड में एक 5 साल के कैंसर पीड़ित बच्चे का भी बर्थडे मनाया गया। इस मौके पर पद्मश्री डॉ बी पॉल भी मौजूद रहे। पद्मश्री डॉ बी पॉल ने कैंसर वार्ड में ही पंकज रिजवानी के साथ बच्चे का बर्थडे मनाया और पोस्टर भी जारी किया। डॉ पॉल ने कहा कि पंकज रिजवानी बीते कई सालों से लोगों की हर तरीके से मदद करते हैं और इस तरह का केक बैंक की स्थापना करने की जितनी भी तारीफ की जाए उतना कम है।


पंकज रिजवानी ने सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक का हेड ऑफिस एलोपीबाग स्थित अपने निवास पर बनाया है, जहां उन्होंने अपने घर के बाहर ही एक बड़ा सा बैनर लगाया है। सेवक राम केक बैंक का उद्घाटन करने आए एक दिन के एडीजी बने हर्ष दुबे का कहना है कि आज उनको इतनी खुशी मिल रही है जितनी उनको उस समय मिली थी जब वह एक दिन के एडीजी बनाए गए थे। पंकज रिजवानी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा है कि इससे बेहतर कार्य और कोई नहीं हो सकता ।

सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक के संस्थापक पंकज रिजवानी का कहना है कि देश के इस पहले केक बैंक को स्थापित करने का सिर्फ एक मकसद है कि वह उन बच्चों के चेहरे पर खुशी लाएं जिनका जीवन संघर्षों से भरा हुआ है। पंकज बताते हैं कि एक फोन नंबर भी पोस्टर में जारी किया गया है और इसी नंबर के माध्यम से वह लोगों की मदद कर पाएंगे।

आपको बता दे पंकज एक चर्चित समाजसेवी है, अपने व्यापार से समय निकाल कर और पैसों की बचत करके उन्होंने इस कार्य की शुरुआत की है। पंकज रिजवानी बीते 18 सालों से लोगों की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं और उनकी इस सेवा भाव को देखते हुए 36 आईएएस- आईपीएस, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पूर्व राज्यपाल राम नाईक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व डीजीपी ओपी सिंह समेत कई नेताओं ने उनके कार्यों को सराहा है। पंकज को बड़ी उपलब्धि सन 2016 में मिली थी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके कार्यों को लेकर शुभकामना संदेश फोन के माध्यम से भेजा था। पंकज के इस सेवक राम हेल्पिंग केक बैंक में उनके कुछ साथियों का भी सहयोग है। रचित मलंग, हेमंत छाबड़ा और अंशु भी पंकज के साथ इस केक बैंक में अनोखी भूमिका निभा रहे हैं। पंकज रिजवानी की मां विद्या रिजवानी, पत्नी कसक और उनकी बेटियां अदा और चहक भी इस कार्य से बेहद खुश हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story