Jalaun News: मातमी धुनों के बीच निकले ताजिये, देर रात किए गए सुपर्दे खाक

Jalaun News: यजीद के जुल्मों के खिलाफ लड़ते लड़ते शहीद हुए इमाम हुसैन के 72 साथियों को याद किया गया। चेहल्लुम पर उनकी शहादत को याद कर सारा माहौल गमगीन हो गया।

Afsar Haq
Report Afsar Haq
Published on: 27 Aug 2024 3:55 AM GMT
Jalaun News
X

Jalaun News (Pic: Newstrack)

Jalaun News: कर्बला में इंसानियत की रक्षा करते शहीद हुए इमाम हुसैन और उनके 72 अनुयायियों की याद में नम आंखों के साथ ढोलों की मातमी धुनों के बीच चेहल्लुम ताजियों का जुलूस निकाला गया। इस दौरान तमाम चौकों पर मजलिस हुई। जुलूस के दौरान लंगर के इंतजाम भी किए। जिले के पुलिस कप्तान डॉ. दुर्गेश कुमार ने चेहल्लुम पर्व के दृष्टिगत कोंच में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

नम आंखों से दी गई विदाई

सोमवार को नगर में चेहल्लुम पर हजरत इमाम हुसैन की याद में ढोलों की मातमी धुनों पर ताजियों का जुलूस निकाला गया। यजीद के जुल्मों के खिलाफ लड़ते लड़ते शहीद हुए इमाम हुसैन के 72 साथियों को याद किया गया। चेहल्लुम पर उनकी शहादत को याद कर सारा माहौल गमगीन हो गया। बच्चा हो या बुजुर्ग हर किसी की आंखें नम थीं और सारा माहाैल गमगीन था। ताजिया जुलूस रात चंदकुआं चौराहे से उठा और सागर तालाब, नई बस्ती, कटरा बाजार, लवली चौराहा, स्टेट बैंक होकर चौकों से ताजिये लेता हुआ बजरिया पावर हाउस पहुंचा जहां मेले के रूप में परिवर्तित हो गया। उस्तादों की सरपरस्ती में शागिर्द आग के खेल और बनैती खेलते रहे। इसके बाद ताजिये अपने अपने चौकों पर वापस चले गए।


पुलिस कप्तान ने लिया जायजा

सुबह करीब साढ़े सात बजे कैलिया बस स्टैंड पर मोहम्मद अफजाल खान के आवास के बाहर फातिहा दी गई और लंगर का भी इंतजाम किया गया था। विधायक मूलचंद्र निरंजन, पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, शहर काजी बशीर उद्दीन, मंजर खान, आलम खान आदि रहे। दोपहर दो बजे एक बार फिर जुलूस शुरू हुआ, अंसारी बिरादरी का ताजिया सबसे पहले उठा, इसके बाद निर्धारित रूट पर आगे बढ़ता हुआ जुलूस देर रात कर्बला पहुंचा जहां नम आंखों से ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ अर्चना सिंह के निर्देशन में कोतवाल अरुण कुमार राय सभी चौकी प्रभारियों व पुलिस बल के साथ ताजिया जुलूस में शामिल रहे। बारिश ने भी ताजिया जुलूस में खलल डाला। रात में पुलिस कप्तान डॉ. दुर्गेश कुमार ने भी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story