Jalaun News: दीपावली को लेकर मिलावट के खिलाफ अभियान, नष्ट कराया गया 400 किलो खोया

Jalaun News: दीपावली पर सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों में छापामार कर नमूने लिये गए।

Afsar Haq
Report Afsar Haq
Published on: 25 Oct 2024 3:12 PM GMT
Jalaun News ( Pic- News Track)
X

Jalaun News ( Pic- News Track)

Jalaun News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य रसद विभाग ने अभियान चलाकर अलग-अलग जगह पर छापेमारी करते हुए नमूने की सैंपलिंग की और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा, वहीं मध्य प्रदेश से आ रहे खोये को जब्त करके भी प्रयोगशाला भेजा है। अन्य जगह से पकड़े गए मिलावटी मावे को अधिकारियों ने अपने सामने ही नष्ट कराया। खाद्य रसद विभाग की छापेमारी से बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि नकली सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर दीपावली पर सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों में छापामार कर नमूने लिये गए। सब से पहले इण्डस्ट्रियल एरिया उरई से दादी मिल्क प्रोडक्ट के प्रतिष्ठान का निरीक्षण सचल दल के साथ किया गया। प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ बर्फी, रिफाइन्ड, वनस्पति, मिल्क पाउडर का नमूना संग्रहित कर जॉच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। उसके बाद मध्य प्रदेश के भिण्ड जिला से प्रातःकाल कानपुर खोया लेकर जा रही पिकअप गाड़ी को माधौगढ़ बस स्टैण्ड के पास रोककर मौजूद खाद्य कारोबारकर्ता नौशाद पुत्र श्री हाफिज का खोया मानक के अनुरूप न होने के संदेह के आधार पर नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही शेष बचे हुये खोये मात्रा लगभग 400 किलोग्राम मूल्य लगभग 88,000/- को उपजिलाधिकारी माधौगढ़ की उपस्थिति में नष्ट करा दिया गया।

माधौगढ़ तहसील के ग्राम लिड़ऊपुर में स्थित सत्यनारायण दुबे की खोया की भट्टी का निरीक्षण उपजिलाधिकारी की उपस्थिति में किया गया। मौके पर खोया निर्माण हेतु तैयार दूध व भण्डारित क्रीम का नमूना लिया गया। वहीं ग्राम कुकरगाँव में स्थित रविन्द्र वर्मा की किराना की दुकान का निरीक्षण मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में किया गया। उक्त खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ बेसन का नमूना लिया गया।आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी। इस दौरान डॉ० जतिन कुमार सिंह सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, प्रेम कुमार त्रिपाठी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अनिल कुमार संखवार, कन्हैयालाल यादव, महेश प्रसाद, सुनील कुमार खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story