×

Jaunpur : कोर्ट का आदेश रद्दी की टोकरी में ! गैर जमानती वारंट के बावजूद क्यों नहीं हो रही गिरफ्तारी?

Jaunpur News: जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में गरीब पीड़ित दलित पर सवर्ण दबंगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। अब हालात बद से बदतर हो चुके हैं।

Kapil Dev Maurya
Published on: 27 Aug 2022 12:57 PM GMT
jaunpur news dalit victim continuously harassed by the upper caste dabang in thana jalalpur
X

Jaunpur News 

Jaunpur News : जौनपुर जिले में पुलिस पर राजनीतिक दबाव में काम करने के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में पीड़ितों का सवाल है कि क्या दलित समाज के पीड़ितों और गरीबों को न्याय मिल पाएगा। यह एक बड़ा और गंभीर सवाल है। दरअसल, यह मामला जिले के थाना जलालपुर का है। जहां पुलिस की कार्रवाई खाकी को ही कटघरे में खड़ा कर रही है।

जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में गरीब और पीड़ित दलित पर सवर्ण दबंगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। अब हालात बद से बदतर हो चुके हैं। दलित समाज के इन लोगों को अब जान-माल की धमकियां मिल रही हैं। कोर्ट के आदेश के बावजूद पुलिस कोई एक्शन नहीं ले रही है।

क्या है मामला?

आपको बता दें कि, जिले के थाना जलालपुर क्षेत्र स्थित ग्राम सादीपुर सिरकोनी में अनुसूचित जाति की पुष्पा देवी रहती हैं। उक्त महिला से गांव के ही दबंग रविंद्र कुमार सिंह एवं सुरेंद्र कुमार सिंह ने मार-पीट की। जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने जलालपुर थाना में शिकायती पत्र दिया। पुलिसिया कार्यवाही नहीं होने पर पीड़ित ने अदालत में गुहार लगाई। जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया। तब कहीं जाकर पुलिस ने मुअसं 248/22 से धारा- 323, 504, 506, 452, 3/1(X) भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया।

कोर्ट के आदेश की अवहेलना !

केस दर्ज होने के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट भेज दिया। 26 अगस्त को अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कोर्ट आदेश थाना पहुंचने के बाद थानेदार ने अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की बजाय उन्हें थाने में बैठाकर चाय-पानी कराकर छोड़ दिया।

पीड़िता को मिल रही जान से मारने की धमकियां

अब स्थिति यह है कि दबंग अभियुक्त गरीब दलित परिवार को धमकियां दे रहा है। पीड़िता की मानें तो उसे अब जान से मारने की धमकी मिलने लगी है। जिस कारण वो घर में बंद रहने को मजबूर है। पीड़ित पक्ष थाना जलालपुर और खाकी के पहरेदारों के कारनामों पर लगातार उंगलियां उठा रहा है। पीड़िता अब पुलिस के आला अधिकारियों से अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगा रही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story