×

TRENDING TAGS :

Election Result 2024

Jaunpur News: अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- नकली वैक्सीन से लोगों के जीवन से हुआ खिलवाड़

Jaunpur News: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जौनपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार संविधान को बदलना चाहती है।

Kapil Dev Maurya
Published on: 23 May 2024 1:01 PM GMT (Updated on: 24 May 2024 1:00 PM GMT)
Jaunpur News
X

अखिलेश यादव। (Pic: Social Media)

Akhilesh Yadav in Jaunpur: लोकसभा चुनाव में छठवें चरण के मतदान के प्रचार अभियान के अन्तिम दिन जौनपुर संसदीय क्षेत्र के नौपड़वा बाजार के पास चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने का दावा करने वाली भाजपा सरकार ने आय तो दोगुना नहीं किया लेकिन मंहगाई बढ़ा कर किसानों को घाटे में पहुंचा कर उनकी कमर तोड़ने का काम जरूर किया है। देश की 140 करोड़ जनता मंहगाई और भ्रष्टाचार के कारण इतने गुस्से में है कि इस भाजपा को 140 सीटो के लिए तरसा देगी।

नहीं हुआ किसानों का कर्ज माफ

अखिलेश यादव ने कहा दिल्ली की सरकार ने किसानों का कर्ज तो नहीं माफ किया लेकिन उद्योगपतियों के कर्ज को पांच करोड़ से अधिक कर्ज को कानून बनाकर माफ कर दिया है। केन्द्र में इन्डिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ किये जाएंगे, साथ ही फसलो की पूरी कीमत दी जाएगी। कीमत पूरी मिले इसके लिए कानून में व्यवस्था की जायेगी। केन्द्र की भाजपा सरकार ने बेरोजगारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, नौजवानो के सपनो को तोड़ दिया है।


जानबूझ कर किया पेपर लीक

पेपर लीक का खेल सरकार ने जानबूझकर कराया है ताकि नौकरी न देना पड़े। सरकार का विरोध करने वाले को बुलडोजर से धमकाया जाता है लेकिन पेपर लीक कराने वाले पर बुलडोजर नहीं चलवाया गया। भाजपा ने फौज की नौकरी को अग्निवीर के नाम पर चार साल का कर दिया लेकिन केन्द्र में इन्डिया गठबंधन की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना खत्म कर नौजवानों को फौज की पक्की नौकरी दी जायेगी।

नकली वैक्सीन से जीवन के साथ खिलवाड़

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस सरकार ने महंगाई बढ़ाने के साथ साथ किसानों के लिए खाद की बोरी से भी चोरी की है। डीएपी नैनो यूरिया जबरी खरीदवाया जिससे पैदावार नहीं बढ़ी और नैनो युरिया का कारोबारी भारत छोड़कर भाग गया। अखिलेश ने कोरोना काल में सरकार द्वारा लगवाई गयी वैक्सीन को नकली बताते हुए कहा कि आम जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ किया गया। वैक्सीन वाले से कमीशन लेकर जनता को मौत के मुंह में डालने का काम किया है। इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर भाजपा ने सबसे पैसा वसूला है। इसकी पोल खुलते ही सरकार के लोग बैक फुट पर आ गये हैं। देश की जनता जान गयी है।

संविधान बदलना चाहती है भाजपा

आजकल दिल्ली के प्रधान सांसद कहते हैं दो शहजादे। यही दो शहजादे शह और मात देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा चार सौ पार के नारे के साथ भाजपा ने संकेत दे दिया था कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर का संविधान बदला जायेगा। यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने का चुनाव है। बाबासाहब के संविधान को बचाने का चुनाव है।

आपस में मिले हैं सपा और बसपा

उन्होंने साफ कहा कि भाजपा बसपा के हाथ अन्दर खाने मिले हुए हैं। भाजपा के इशारे पर बसपा में टिकट दिये गये हैं। उन्होंने नाम लिए बगैर इशारों में जौनपुर संसदीय सीट पर बसपा से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी के बारे में कहा पहले सपा में लाइन लगाये थे। जौनपुर मे टिकट देना काटना और जेल भेजना इस खेल के पीछे कौन है सभी जानते हैं। भाजपा इस चुनाव में 20-20 के खेल कर रही है यानी दो गुजराती शेष शून्य हैं।

भाजपा का होगा सूफड़ा साफ

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्वांचल की धरती से भाजपा का सूपड़ा अब साफ होने जा रहा है। देश के प्रधान सांसद अपने क्यूटो लोकसभा से हारने जा रहे हैं इसका संकेत अब पूर्वांचल की जनता ने देना शुरू कर दिया है। दिल्ली से मैनेजमेंट करने वाले को उनके ही लोग उनको हराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दिल्ली और लखनऊ का इंजन आपस में ही टकरा गया है। इसका परिणाम अब दिखने भी लगा है। पूर्वांचल की धरती से भाजपा के सफाये का मन जनता ने खुद बना लिया है।

सपा को वोट करने की अपील

अखिलेश ने सरकारी तंत्र पर आरोप लगाया कि उसके द्वारा प्रधानों को डराया धमकाया जा रहा है। संविधान की रक्षा के लिए सपा के सभी साथियों को बूथ की रक्षा करनी होगी और सबसे पहले बूथ पर पहुंचकर मतदान करना होगा। उन्होंने जनता से अपील किया कि 25 मई को साइकिल चुनाव चिन्ह वाले बटन को दबाकर बाबूसिंह कुशवाहा को दिल्ली भेजने का काम करें।

मौजूद रहे कार्यकर्ता

इस अवसर पर प्रत्याशी बाबूसिंह कुशवाहा ने संविधान बचाने और बच्चों के भविष्य के लिए साइकिल वाले चुनाव निशान पर बटन दबा कर वोट देने की अपील की। कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण कुमार सिंह मुन्ना ने अपने संबोधन में बाबूसिंह कुशवाहा के लिए वोट मांगे। जनसभा में सपा के सभी विधायक, एमएलसी पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री सहित सभी नेता गण उपस्थित रहे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story