×

Jaunpur News: भाजपा का 45वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया, संगठन के विस्तार और जनसेवा पर दिया गया जोर

Jaunpur News: पुष्पराज सिंह ने कहा कि पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को जनसंघ से अलग होकर हुई थी, और आज यह राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित एक मजबूत राजनीतिक संगठन बन चुकी है।

Nilesh Singh
Published on: 6 April 2025 5:49 PM IST
BJP celebrates its 45th foundation day with enthusiasm
X

भाजपा का 45वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया (Photo- Social Media)

Jaunpur News: जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी का 45वां स्थापना दिवस शनिवार को जिले के सिहिपुर स्थित कार्यालय पर उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया। इस मौके पर कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात जौनपुर और मछलीशहर जिला इकाइयों की संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह और मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने संबोधित किया।

पुष्पराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज संसद और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। उन्होंने बताया कि पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को जनसंघ से अलग होकर हुई थी, और आज यह राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित एक मजबूत राजनीतिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद मजबूत है और पार्टी में सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले कार्यकर्ता भी शीर्ष पदों तक पहुंचते हैं, यही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के विभिन्न मोर्चे – युवा, महिला, किसान, पिछड़ा, अनुसूचित – समाज के हर वर्ग से जुड़कर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। पार्टी का संगठनात्मक चुनाव हर तीन साल पर होता है, जिसमें बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नेतृत्व का चयन करते हैं।

योगी सरकार की गिनाई गईं उपलब्धियां

योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य हुए हैं – जैसे अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, तीर्थ विकास परिषदों का गठन, और वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर।

मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में पिछड़े, दलित, आदिवासी, अति दलित और महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रत्येक बूथ पर 17 सदस्यीय समिति बनाकर लगातार जनसंपर्क और संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत कार्ड, उज्ज्वला योजना, और जीवन ज्योति बीमा जैसी योजनाओं के माध्यम से पार्टी आमजन से सीधा जुड़ाव बना रही है।

अजय सिंह ने कहा कि माघ मेले और कुंभ जैसे आयोजनों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव से भाग लेकर यह साबित किया है कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि 1984 में महज 2 सीटों से शुरू हुआ भाजपा का सफर आज देश की सबसे मजबूत सरकार तक पहुंच चुका है, और 2024 के चुनाव में कुछ सीटें कम होने के बावजूद पार्टी ने लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाकर इतिहास रचा है।इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story