Jaunpur News: बहुत देखे तुम जैसे मंत्री.., पत्रकार और मंत्री के बीच तगड़ी बहस, देखें वीडियो

Jaunpur News: विवाद के मुद्दे पर मंत्री से बात करने पर उन्होंने बताया कि विवाद करने वाले पत्रकार लंबे समय से हमारे खिलाफ खबरें कर रहे हैं।

Kapil Dev Maurya
Published on: 4 Sep 2024 10:24 AM GMT
X

मंत्री और पत्रकार के बीच बहस (Video: Newstrack)

Jaunpur News: जनपद में भाजपा द्वारा सदस्यता अभियान को लेकर जिला मुख्यालय के एक होटल में बुलाई गई प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चन्द यादव एवं पत्रकार राजकुमार सिंह के बीच विवाद हो गया। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ जम कर अपनी भड़ास निकाली। बात एक दूसरे को देख लेने तक पहुंच गई। वहां पर मौजूद भाजपा के कई वरिष्ठ नेता गण बीच बचाव करने के बजाय मूक दर्शक बन कर तमाशा देखते रहे। जिलाध्यक्ष लोगों को चुप कराने और मर्यादा की दुहाई दे रहे थे लेकिन पत्रकार शान्त होने के बजाय मंत्री को लगातार उकसा रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है।

सदस्यता अभियान की बैठक में हुई बहस

घटना की शुरुआत के पीछे आरोप लगाया जा रहा है कि उक्त पत्रकार लम्बे समय से मंत्री के खिलाफ प्रायोजित होकर खबरें चला रहे थे। इससे मंत्री भी दुखी थे। आज पत्रकार वार्ता सदस्यता अभियान के मुद्दे पर जिलाध्यक्ष ने बुलाई थी। जिसमें भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे कृपाशंकर सिंह और उनकी टीम के लोगों सहित, जिला प्रभारी अशोक चौरसिया तथा सरकार के मंत्री गिरीश चन्द यादव को प्रेस वार्ता करनी थी। सदस्यता के मुद्दे पर वार्ता चल ही रही थी कि वार्ता के बीच पत्रकार राजकुमार सिंह द्वारा जनपद मुख्यालय पर चल रही एसटीपी योजना को लेकर सवाल दाग दिये गए।

पत्रकार पर भड़के मंत्री

मंत्री ने कहा अभी जिस मुद्दे पर प्रेस वार्ता आयोजित है उस पर बात करें फिर बाद में मुझसे कार्यालय पर आकर एसटीपी पर जानकारी ले लीजिएगा। मंत्री के इस उत्तर पर पत्रकार ने नाराजगी जताते हुए कहा आपका फोन नहीं उठता, आप जबाव देने से भाग रहे हैं। आप भी एसटीपी भ्रष्टाचार के भागीदार है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तू तड़ाक शुरू हो गया और सारी मर्यादायें तार तार हो गई। घटना के समय जिलाध्यक्ष भले ही सभी को शांत कराते दिखे लेकिन भाजपा के नेता और लोकसभा का चुनाव लड़ चुके कृपाशंकर सिंह मूक दर्शक बन कर विवाद को बढ़ता देख रहे थे। एक भाजपा नेता ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि पत्रकार को भाजपा नेता की शह थी इसलिए वह उग्र हो कर मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोले हुए था।

मंत्री का आरोप- हमारे खिलाफ खबरें कर रहे थे

विवाद के मुद्दे पर मंत्री से बात करने पर उन्होंने बताया कि विवाद करने वाले पत्रकार लंबे समय से हमारे खिलाफ खबरें कर रहे हैं। आज उन्होंने पार्टी के अभियान में व्यवधान उत्पन्न करने का काम किया और मर्यादाओं का हनन करने लगे। इसके बाद हमको विरोध करना पड़ा है। हमको भ्रष्टाचारी बताया उनको साबित करना पड़ेगा। हमने कौन सा भ्रष्टाचार किया है। जौनपुर के विकास के एसटीपी योजना लाये उसका क्रियान्वयन सरकारी तंत्र द्वारा किया जा रहा है। शहर की समस्या दूर की जा रही है और हमको लक्ष्य करके आरोप लगाने का काम पत्रकार कर रहे है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story