TRENDING TAGS :
Jaunpur News: पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह के साथ भगत सिंह को किया याद, युवाओं का आह्वान
Jaunpur News: कांबली ने जौनपुर के लोगों द्वारा विपत्ति के समय मिली मदद का जिक्र करते हुए कहा कि वे इस ऋण से कभी उऋण नहीं हो सकते।
Jaunpur News (Image From Social Media)
Jaunpur News: शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर रविवार को राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक व पूर्व सांसद धनंजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सब्जी मंडी स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहादत को याद किया। इस दौरान वृद्धाश्रम में पहुंच कर वृद्ध जनों को भोजन भी कराया।
शहर के उत्सव मोटल होटल के सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बलिदान के कारण ही देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा, "स्वतंत्रता संग्राम में इन तीनों का योगदान युगों-युगों तक याद किया जाएगा।" कांबली ने जौनपुर के लोगों द्वारा विपत्ति के समय मिली मदद का जिक्र करते हुए कहा कि वे इस ऋण से कभी उऋण नहीं हो सकते। उन्होंने युवाओं से शहीद भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि भगत सिंह ने कम उम्र में नौजवानों पर गहरा प्रभाव छोड़ा, जो किसी अन्य क्रांतिकारी से अतुलनीय है। उन्होंने कहा, "अन्य लोगों को लंबा समय मिला, लेकिन भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने कम समय में जो छाप छोड़ी, वह अनुपम है। भगत सिंह का जीवन युवाओं में जोश और प्रेरणा जगाता है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रवादी नौजवान सभा कोई राजनीतिक संगठन नहीं है और इसमें सभी का स्वागत है। विभिन्न विचारधाराओं के लोग इसमें शामिल होकर समाज व राष्ट्रहित में काम कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से आए पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। अपर्णा शुक्ला के देशभक्ति गीत ने सभी को रोमांचित कर दिया।
इस अवसर पर शैलेश ठाकुर, पूर्व सूबेदार मेजर डॉ. राजेश, ओम प्रकाश सिंह, शिवेंद्र सिंह, अशोक सिंह, गौरव सिंह मोनू (ब्लॉक प्रमुख मार्टिनगंज), अमित सिंह टाटा, डॉ. अब्बासी, प्रमोद शुक्ला, राणा सिंह, रामचरित्र निषाद, अवधेश निषाद, आलोक जायसवाल, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन अनिल अस्थाना ने किया।