×

Jhansi News: कृषि क्षेत्र की ताकत को और बढ़ावा मिलेगा, सांसद अनुराग शर्मा से मिले सेंट्रल कृषि यूनिवर्सिटी के वीसी

Jhansi News: रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा से सौजन्य भेंट की।

B.K Kushwaha
Published on: 16 Dec 2022 1:11 PM GMT
Jhansi News In Hindi
X

कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने  सांसद अनुराग शर्मा से मिले।

Jhansi News: रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह एवं अधिष्ठाता कृषि डॉ. एस. के. चतुर्वेदी ने झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी द्वारा किये जा रहे कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कुलपति से कहा कि हमारे बुंदेलखण्ड क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय ने एक नया आयाम जोड़ा है, इससे कृषि क्षेत्र की ताकत को और बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को दुनिया में आगे बढ़ाने की ललक थी: शर्मा

शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब कामकाज संभाला तो उनके मन में देश को दुनिया में आगे बढ़ाने की ललक थी और उन्होंने नये-नये आयामों से जुड़ने का काम किया। देश में आज इसका असर दिख रहा है। शर्मा ने सुझाव दिया कि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ आयुष कोरिडोर के रूप में विश्वविद्यालय एवं सरकार के द्वारा विकसित करने की आवश्यकता है। कृषि मंत्रालय भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवाहन पर जैव संसाधन, पर्यावरण, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन प्रणाली को विकसित करने में अत्यंत उपयोगी रहा है और देश के किसानों की आय में वृद्धि हो इस पर कार्य हो रहा है।

झांसी-ललितपुर क्षेत्र में सर्वाधिक किसान गेहूँ की फसल की बुवाई: सांसद

सांसद ने बताया कि झांसी-ललितपुर क्षेत्र में सर्वाधिक किसान गेहूँ की फसल की बुवाई करते हैं। उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय से अनुरोध किया कि झांसी-ललितपुर के किसानों के लिए आप नई-नई योजनाएं यहॉ की भूमि के आधार पर विकसित करें जिससे यहां के किसानों को लाभ मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो सके। कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने उनको आश्वस्त किया कि आपके द्वारा दिए हुए सुझाव पर विश्वविद्यालय आवश्यक काम करेगा। कृषि विश्वविद्यालय शोध शिक्षा के साथ-साथ छोटे एवं सीमांत किसानों एवं बुंदेलखण्ड के विभिन्न अनुसूचित जाति के किसानों का चयन करके उनको उच्च तकनीक बीज एवं विधि बताने का काम हमारे विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक उनके खेत पर जाकर कर रहे हैं। झांसी-ललितपुर के कई ग्रामों में प्रथम पंक्ति प्रर्दशन कर लाभप्रद फसलों की जानकारियां किसानों तक पहुँचा रहे है।

पिछले 4 वर्ष से विश्वविद्यालय बीज उत्पादन पर विशेष कार्य कर रहा: डॉ. एसके चतुर्वेदी

अधिष्ठाता कृषि डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले 4 वर्ष से विश्वविद्यालय बीज उत्पादन पर विशेष कार्य कर रहा है। रबी के मौसम में झांसी-ललितपुर के कई ग्रामों का चयन कर उच्च तकनीक के बीज वितरित कर चुके हैं एवं उनको वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का सरल तरीका भी किसानों को समझाया जा रहा है। इसी के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। गेहूँ व चावल के साथ मोटे अनाज को भी भोजन की थाली में सम्मान मिले इस पर भी कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अतुल अग्रवाल एवं सुजीत चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story