TRENDING TAGS :
Jhansi: कांग्रेस ने एक बार फिर जताया प्रदीप पर भरोसा, दो बार विधायक और एक बार रह चुके सांसद
Jhansi News: कांग्रेस झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को उम्मीदवार घोषित किया गया।
Congress Pradeep Jain Aditya (photo: social media )
Jhansi News: कांग्रेस ने एक बार फिर से प्रदीप जैन आदित्य पर अपना विश्वास जताते हुए उन्हें झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। गुरूवार की शाम उत्तर प्रदेश के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। सपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही कांग्रेस को गठबंधन में 17 सीटें मिलीं हैं।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक समाप्त होने के बाद 17 में से 10 सीटों पर मुहर लगी। इसमें झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को उम्मीदवार घोषित किया गया।
मालूम हो कि प्रदीप जैन दो बार विधायक रहे हैं। 2004 उप चुनाव, 2007 विधानसभा चुनाव में झांसी सदर से जीते। इसके पश्चात 2009 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के चंद्रपाल सिंह को हराकर सांसद बने। इसके साथ ही उन्हें मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री पद दिया गया। एक बार फिर से प्रदीप जैन आदित्य झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी बनाए गए हैं।
पहली बार 2004 विधायक बने
प्रदीप जैन का जन्म 8 सितंबर 1962 को उत्तर प्रदेश के झाँसी में विष्णु कुमार जैन और शांति देवी जैन के घर हुआ। उन्होंने बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय से एमए, एम.कॉम और एलएलबी की डिग्री हासिल कीं। पहली बार 2004 के उपचुनाव में भाजपा के कद्दावर नेता और यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री रवींद्र शुक्ला को हराकर विधायक बने। इसके बाद 2007 में बसपा प्रत्याशी पं.रमेश शर्मा को हराकर वह दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए। 2009 में 15वीं लोकसभा के लिए चुने गए। और उसके बाद ग्रामीण विकास के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री बने। वह छात्र जीवन से जुझारू और जीवट नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।