×

Election 2024 : झांसी में INDIA गठबंधन की रैली में अखिलेश बोले, चार चरणों के मतदान में बीजेपी का गिरा ग्राफ

Election 2024 : लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच सियासी घमासान मचा हुआ है। इस बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की संयुक्त जनसभा को संबोधित करने के लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी झांसी पहुंचे, यहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर प्रहार किया।

Gaurav kushwaha
Published on: 14 May 2024 5:17 PM IST (Updated on: 14 May 2024 5:38 PM IST)
Election 2024 : झांसी में INDIA गठबंधन की रैली में अखिलेश बोले, चार चरणों के मतदान में बीजेपी का गिरा ग्राफ
X

Election 2024 : लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच सियासी घमासान मचा हुआ है। इस बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की संयुक्त जनसभा को संबोधित करने के लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी झांसी पहुंचे, यहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने भाजपा पर जनता के साथ लूटखसोट करने और ठगने का आरोप लगाया। उन्होंने इंडिया गठबंधन प्रत्याशी को भारी मतों से विजई बनाने की अपील की। उन्होंने जनता से कई लुभावने वादे किए। जनसभा में उमड़ी भीड़ को देख राहुल और अखिलेश गदगद हुए। बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अध्यक्ष अखिलेश यादव INDIA गठबंधन के झांसी-ललितपुर लोकसभा प्रत्याशी प्रदीप जैन और हमीरपुर के प्रत्याशी गजेंद्र सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने झांसी के क्राफ्ट मेला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव समुद्र मंथन की तरह है, एक तरफ बाबा साहब के संविधान को खत्म करने वाले हैं और संविधान को बचाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान को बचाना है, तो INDIA गठबंधन को जिताना होगा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड का गरीब व्यक्ति आर्थिक स्थिति से टूटा हुआ है, इसलिए सपा सरकार ने एंबुलेंस चलाई थी, जिससे गांव देहात का गरीब व्यक्ति निशुल्क अस्पताल पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अस्पताल दिया था, लेकिन बीेजेपी अस्पताल बेच दिए, ट्रेन बेच दी, बंदरगाह बेच दिए, हवाई अड्डा बेच दिए, नौकरियां बंद कर सब ठेके पर दे दिया।

योजना नहीं, सिर्फ नाम बदला

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने को हमारी सरकार ने डायल 100 चलाई थी, लेकिन भाजपा ने उसे भी बदल कर डायल 112 कर दिया। नंबर बढ़ते ही पुलिस वालों ने सोचा कि हमारा नंबर बढ़ गया तो उन्होंने भ्रष्टाचार बढ़ा दिया। अब डायल 112 ने घटना स्थल पर पहुंच कर दोनों पक्ष से रुपया वसूलने का काम शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने लैपटॉप दिए और उसमें नेता जी की फोटो लगवाई, तो भाजपा सरकार ने लैपटॉप बंद कर दिए और उनकी जगह छोटे-छोटे लैपटॉप देना शुरू कर दिया और नेता जी की तरह अपनी फोटो लगा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कुछ काम नहीं किया, सिर्फ पिछली सरकार की योजना और परियोजना को बदलने का काम किया है।

बीजेपी का नीचे गिर रहा ग्राफ

उन्होंने कहा चार चरणों का चुनाव हो चुका है, भाजपा का ग्राफ नीचे गिरता जा रहा है, झांसी के लोग भी भारतीय जनता पार्टी की विदाई की तैयारी कर रहे हैं। भाजपा की दस साल की सरकार में किसानों से लूट हुई और किसानों का पैसा भाजपा नेता की जेबों में पहुंच गया। उन्होंने कहाकि बुंदेलखंड के लोग भाजपा के अहंकार का खंड-खंड कर देंगे। बुंदेलखंड वीरों की धरती है, अपने दुश्मनों को पहचानती है। यूपी में जब भी परीक्षा हुई रद्द हो गई। उन्होंने कहा कि भाजपा का देश का सबसे बड़ा इलेक्टोरल बांड घोटाला सबके सामने आ गया, भाजपा की बैंड बज गई, पोल खुल कर सामने आ गई।

उन्होंने कहा कि जैसे भाजपा ने फौज की नौकरी चार साल की कर दी, वैसे ही अब पुलिस की नौकरी भी तीन साल कर देगी। उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया देने वाले बड़े बड़े उद्योगपति भारत से किसानों का पैसा लेकर भाग गए। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर महिलाओं को एक लाख रुपए, बेरोजगारों को एक लाख रुपए और पौष्टिक आटा और मोबाइल नेटवर्क के लिए डेटा फ्री देंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार गरीब, बेरोजगार को रोजगार और आर्थिक सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर व्यवस्था उपलब्ध कराएंगे।

ये संविधान को बचाने का चुनाव

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि झांसी ललितपुर के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप जैन प्रत्याशी नहीं बबर शेर हैं। उन्होंने कहा कि कोविड के समय गंगा में लाश बह रही थी, तब प्रधानमंत्री कह रहे थे कि थाली बजाओ, नाच गाना कराे। उन्होंने कहा कि थाली और ताली से काम नहीं चला तो मोबाइल लाइट जलवाई। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर बनाने के नाम पर आपकी जमीन छीनने का बहाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पहली बार देश के संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा और आरएसएस बाबा साहब के संविधान को खत्म कर देना चाहती है।

हर परिवार की महिला को देंगे एक लाख रुपए

उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि से कहता हूं कि संविधान को भाजपा तो छोड़ो कोई ताकत खत्म नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार में सत्तर हजार करोड़ रुपए का किसानों का कर्जा माफ किया था। वहीं, उतना ही पैसा नरेंद्र मोदी ने 22 अरब पतियों को दे दिया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने मन बना लिया कि जितना पैसा भाजपा ने अरब पतियों का माफ किया, उतना पैसा हम अपनी सरकार में गरीबों के बैंक खाते में भर देंगे। उन्होंने कहा कि हर परिवार की एक महिला को साल के एक लाख रुपए देंगे। जुलाई में सबके खातों में पैसा डाल दिया जाएगा।

किसानों का कर्ज करेंगे माफ

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जीएसटी का काला कानून लेकर आए, किसानों को एमएसपी नहीं दी, बीमा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि चार जून को हम हिंदुस्तान के गरीब किसानों का कर्जा माफ करने जा रहे हैं। जैसे यूपीए सरकार में किया था, वैसे हम इंडिया गठबंधन में करेंगे। उन्होंने अडानी अंबानी को लेकर भाजपा को घेरा और कहा कि नया कानून हम बनाएंगे, बेरोजगारों को नौकरियां हम देंगे। करोड़ों युवाओं को लखपति बनाएंगे, करोड़ों युवाओं को रोजगार दिलाएंगे। इस दौरान झांसी ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, मंच पर पूर्व सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव, सुधांशु त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।



Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story