TRENDING TAGS :
Jhansi News: भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा आज, महानगर होल्ड पर
Jhansi News: भाजपा जिलाध्यक्ष ग्रामीण के लिए 35 व महानगर को 47 हैं दावेदार, जनप्रतिनिधियों की भी हुई थी रायशुमारी, दिए थे तीन-तीन नाम, - सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने बताई थी अपनी पसंद
Jhansi News (Image From Social Media)
Jhansi News: लंबे समय तक इंतजार करने के बाद आखिरकार वह घड़ी आ गई है जिसका भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि विपक्षी दल भी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। रविवार को भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय के निर्देश पर भाजपा कार्यालय में दोपहर दो बजे बैठक होगी जिसमें पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान एवं जिला चुनाव अधिकारी राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी जिलाध्यक्ष की घोषणा करेंगे। अभी महानगर अध्यक्ष की घोषणा को होल्ड पर रखा गया है, जिसकी बाद में घोषणा की जाएगी।
इस संबंध में बताया गया कि पुरानी तहसील स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी वर्तमान, निवर्तमान जिलाध्यक्ष / महानगर अध्यक्ष सहित जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ मोर्चा पदाधिकारी, जिले में निवासी राष्ट्रीय, प्रदेश एवं क्षेत्र के पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष व जिला प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। मंच पर उपस्थित लोगों द्वारा संबोधन के उपरांत जिलाध्यक्ष की मंच से घोषणा की जाएगी।
मालूम हो कि 10 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष ग्रामीण के लिए 35 दावेदारों ने तथा महानगर जिलाध्यक्ष के लिए 47 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इस दौरान चुनाव अधिकारी विद्यासागर सोनकर और सीमा द्विवेदी ने जनप्रतिनिधियों से रायशुमारी भी की थी, जिसमें सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नपा अध्यक्षों व क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने अपनी पसंद के तीन-तीन नाम भी बताए थे। समस्त नामांकन केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए थे। इसके बाद इस पर निर्णय लेने में दो माह से अधिक का समय लगाया गया।
यह हैं जिलाध्यक्ष झांसी महानगर और ग्रामीण क्षेत्र
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में झांसी महानगर के अंतर्गत झांसी व बबीना विधान सभाएं आतीं हैं। वहीं जिलाध्यक्ष ग्रामीण के अंतर्गत गरौठा व मऊरानीपुर विधान सभाएं आतीं हैं। रायशुमारी में सांसद, दोनों विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मऊरानीपुर, समथर, गुरसरांय के पालिका अध्यक्षों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित 12 जनप्रतिनिधियों से राय मांगी गई।
यह हैं दावेदार-
जिलाध्यक्ष महानगर की बात करें तो इस पद के लिए से सुमन पुरोहित, पूर्व महापौर किरन वर्मा, सुषमा यादव, रजनी गुप्ता, चित्रा सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार, सुधीर सिंह, संजीव अग्रवाल, अमित चिरवारिया, संतोष सोनी, सुमन दुबे, राजीव सिंह, मनमोहन गेड़ा, रानू देवलिया, दीपक सिंह, कमल सहगल, संजय आनंद, नंदकिशोर भिलवारे,कपिल बरसानिया, संतराम पेंटर सहित अनेक चर्चित नाम रहे।
वहीं, जिलाध्यक्ष ग्रामीण पद के लिए उदय लुहारी, अशोक गिरि, कुं.शत्रुघ्न सिंह परिहार, ज्ञान सिंह परिहार, राजेश पाल, डॉ. अनिल राज, बद्री प्रसाद त्रिपाठी, डॉ.रमेश श्रीवास, जमना प्रसाद, गौरीशंकर स्वर्णकार, संजय दुबे, हरीमोहन सोनकर सहित अन्य चर्चित नाम रहे।