×

Jhansi: बेतवा नदी के पास मिली बाइक, युवक लापता, NDRF की खोजबीन में भी नहीं मिल रहा सुराग

Jhansi News : सीसीटीवी कैमरे से फुटेज खंगालने पर पता चला कि, उसका पीछा कार सवारों ने किया था। आशंका जताई जा रही है कि कार सवारों ने पीपे पुल पर उसे धक्का देकर बेतवा नदी में गिरा दिया होगा।

B.K Kushwaha
Published on: 1 Dec 2023 2:32 PM GMT
Jhansi News
X

बेतवा नदी के पास मिली बाइक (Social Media)

Jhansi News: बहन को छोड़कर झांसी से घर लौट रहा बाइक सवार रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। उसकी बाइक बेतवा नदी (Betwa River) पर बने पीपे के पुल के पास मिली। अनहोनी की आशंका से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि उसे किसी ने बेतवा नदी में फेंक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि अब तक कोई सुराग नहीं लगा।

क्या है मामला?

बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम उजयान में अंशुल यादव परिवार समेत रहता है। बीते दिनों अंशुल अपनी बहन को छोड़ने झांसी गया था। इसके बाद से वह गायब है। उसका कुछ पता नहीं चल रहा। बताया जा रहा है कि बेतवा पुल के पास अंशुल यादव की बाइक खड़ी मिली, मगर उसका अता-पता नहीं चला। इसकी जानकारी लगते ही घर के सदस्य बेतवा पुल पहुंच गए। मौके पर पहुंचे दादा का कहना है कि उसका पोता बहन को छोड़ने के लिए बाइक से आया था। देर रात वह वापस पीपे के पुल से होते हुए घर लौट रहा था तभी लापता हो गया।

सीसीटीवी फुटेज खोल सकती है राज

खोजबीन करने और सीसीटीवी कैमरे से फुटेज खंगालने पर पता चला कि, उसका पीछा कार सवारों ने किया था। आशंका जताई जा रही है कि कार सवारों ने पीपे पुल पर उसे धक्का देकर बेतवा नदी में गिरा दिया होगा। यह सुनकर जब खोजबीन की गई तो उसकी बाइक बेतवा नदी में मिल गई। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। लगभग 12 घंटे से अधिक समय बीतने जा रहा है लेकिन अभी उसका कोई पता नहीं चला है। हालांकि, पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है। इसके लिए एनडीआरएफ को बुलाया गया है।


पत्नी का इलाज करा रहे पति ने खाया जहर, मौत

झांसी में ही एक अन्य मामले में पत्नी का इलाज करा रहे पति ने मेडिकल कॉलेज में जहर खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, पिछले दिनों उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है, इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

क्या है मामला?

टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा में भूपेंद्र पाल परिवार समेत रहता था। उसका सात साल का बेटा है। बताते हैं कि भूपेंद्र की पत्नी का हाथ टूट गया था। इस कारण वह अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए मेडिकल कालेज आया था। उसकी पत्नी मेडिकल कालेज में भर्ती थी। 29 और 30 नवंबर की रात बेहोशी की हालत में भूपेन्द्र को मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। यहां पता चला कि उसने जहर खा लिया है। उसके पास से जहर की डिब्बी भी मिली। मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पत्नी से हुआ था झगड़ा

पिता और साले ने बताया कि, 'भूपेन्द्र शराब पीने का आदी था। जिस कारण उसका अक्सर पत्नी से झगड़ा होता था। जब उसकी पत्नी मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी तब भी उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है इसी बात से गुस्सा होकर उसने जहर खा लिया।' उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सब्जी विक्रेता को बाइक ने मारी टक्कर, मौत

सब्जी बेचकर घर जा रहे विक्रेता को बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। घायल हालत में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के थाना लिधौरा के ग्राम सदगुंवा निवासी जाबू कुशवाहा सब्जी बेचता था। उसके तीन बच्चे हैं। तीनों की उसने शादी कर दी। रविवार को वह सब्जी बेचने के लिए बाजार गया था। सब्जी बेचकर शाम को वह वापस अपने घर लौट रहा था। तभी एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। जानकारी होते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story