×

Jhansi News: पहले रेकी फिर खुद ही करता था चोरियां, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Jhansi News: चोरी करने वाले मास्टरमाइंड को झांसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 15 लाख का चोरी किया गया माल बरामद किया गया है।

B.K Kushwaha
Published on: 25 Feb 2024 3:25 PM GMT
चोरी करने वाले मास्टरमाइंड को झांसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
X

 चोरी करने वाले मास्टरमाइंड को झांसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। (Pic: Newstrack)

Jhansi News: पहले रेकी, फिर खुद अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता था, क्योंकि वह चोरी करने के लिए दूसरे व्यक्ति पर विश्वास नहीं करता था। चोरी के समय दूसरा व्यक्ति कब धोखा दे जाए इसलिए वह अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। चोरी का माल वह अपनी प्रेमिका यानी पत्नी के पास रखता था। यह बात पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए चोरियों के मास्टर माइंड ने कही है। गिरफ्तार की गई उसकी प्रेमिका और मास्टर माइंड को अदालत में पेश कियाऔर फिर दोनों को जेल भेज दिया गया।

मुठभेड़ में दबोचा गया चोरियों का मास्टर माइंड

पुलिस अधीक्षक (नगर) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस के निर्देशन में नवाबाद थाना और स्वॉट व सर्विलांस टीम शहर में हुई चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में लगी थी। सूचना मिली कि नवाबाद थाना क्षेत्र के कानपुर - खजुरोहा हाइवे करगुंवा की ओर जाने वाले रास्ते में एक बदमाश अपनी पत्नी के साथ खड़ा है। वह चोरी करने की फिराक में है। इस सूचना पर गई पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिस दल पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया जिससे एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। बाद में उसे दबोच लिया गया। थोड़ी दूरी पर उसकी पत्नी को भी पकड़ लिया गया। एसपी सिटी के मुताबिक ग्वालियर के थाना आंतरी व हाल बरुआसागर स्टेशन रोड के पास रहने वाले अरविन्द रजक और उसकी पत्नी ज्योति रजक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से 13 लाख का माल बरामद किया गया है। अरविन्द रजक के खिलाफ 65 मुकदमे पंजीकृत हैं।

कानपुर में पहली प्रेमिका के साथ की है कई वारदातें

आरोपी ने क्राइम की शुरुआत 2018 से कानपुर नगर के नौबस्ता क्षेत्र से की थी। कानपुर नगर के 40, दतिया के एक, हौशंगाबाद के चार, रायसेन के तीन, सीहोर के सात, नवाबाद के पांच, सीपरी बाजार के एक, कोतवाली में दो मुकदमा पंजीकृत है। कानपुर नगर में बड़ी-बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। इसमें उसकी प्रेमिका पूजा पाल भी शामिल है। दोनों लोग रेकी करके वारदात को अंजाम देते थे। इसके बाद दोनों लोग जेल चले गए थे। जेल में पूजा पाल की मुलाकात दूसरे बदमाशों से हुई तो पूजा पाल ने अरविंद का साथ छोड़ दिया था। जैसे ही अरविंद की जमानत हुई तो वह कानपुर नगर छोड़कर मध्य प्रदेश के हौशंगाबाद में जाकर चोरी की वारदातें करने लगा था। मध्य प्रदेश में 15 चोरी की वारदातें करने के बाद झाँसी आ गया था।

पूजा पाल को छोड़ गांव की रहने वाली ज्योति से कर ली दूसरी शादी

अरविंद की मुलाकात गांव में रहने वाली ज्योति रजक से हुई थी। ज्योति रजक अपने पहले पति को छोड़ चुकी थी। पहले पति का एक लड़का है। ज्योति ने अरविंद से शादी कर ली। इस समय ज्योति की एक लड़की है। इन लोगों ने 2021 में शादी की है। अरविंद ने जितनी भी चोरी की वारदातें की है, उन चोरियों का माल वह अपनी पत्नी ज्योति के पास रखता था। अरविंद की बीबी ज्योति के नाम 315 का लाइसेंस है। यह लाइसेंस ग्वालियर के आंतरी से बना है। इसकी भनक ग्वालियर पुलिस को लग चुकी हैं। बताया जाता है कि अरविंद रजक बरुआसागर क्षेत्र में रहता था। यह तीन भाई है। इनमें बड़े भाई के साथ दुर्घटना हो गई थी। इसमें मिले क्लेम से बरुआसागर में घर बनाया था। घर पर ही अरविंद का अपने पिता और भाई से झगड़ा हो गया था। वह जमीन बटवारे को लेकर विवाद करता था। इस कारण घर से मां-पिता व भाई चले गए थे। इसके बाद अरविंद ने चोरी की वारदातें करना शुरु कर दी थी।

इस टीम को मिली है सफलता

नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी जितेंद्र सिंह तक्खर, मुख्य आरक्षी सत्यपाल, शैलेंद्र, आरक्षी मुरारी, रजत, धारा, हर्षित, शिव तिवारी, सर्विलान्स टीम प्रभारी के वी सिंह, मुख्य आरक्षी दुर्गेश सिंह चौहान, रजनीश, गौरव बाजपेई, सौरभ, बजरंग कालौनी चौकी प्रभारी सत्यराय और मेडिकल कालेज चौकी प्रभारी संदीप तोमर शामिल रहे हैं।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story