×

Jhansi: सड़क हादसे में घायल युवक ने तोड़ा दम, मां का आरोप- प्रेमिका ने सोशल मीडिया पर दी थी धमकी

Jhansi News: मृतक की मां का आरोप है, मृतक गगन को लड़की ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर मैसेज के माध्यम से धमकी दी। आशंका है कि इस हादसे के बाद उक्त लड़की और उसके जीजा गणेश का हाथ है।

B.K Kushwaha
Published on: 14 Feb 2024 2:10 PM GMT
Jhansi News
X

मृतक गगन (इनसेट में) और रोती-बिलखती मां (Social Media) 

Jhansi News: मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की मां का आरोप है कि, उसकी प्रेमिका ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बेटे को धमकी दी थी। आशंका है कि प्रेमिका ने अपने जीजा के साथ मिलकर यह हादसा कराया है। ताकि उसे रास्ते से हटाया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक हफ्ते पहले कराया गया था भर्ती

मृतक का नाम गगन सहारिया (21 वर्ष) है। वह सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी में रहता था। मां सुमन ने बताया कि, गगन दो भाई थे। जिसमें एक भाई की काफी समय पहले छत से गिरने के कारण मौत हो गई थी। वह खुद दिव्यांग है। उसका पति छोड़कर चला गया है। अब उसका एक मात्र सहारा गगन था। गगन मिनर्वा चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। पड़ोस में रहने वाले गणेश ने करीब दो माह पहले लोडर गाड़ी खरीदी थी। जिस पर चलने के लिए उसने गगन को राजी कर लिया था। पिछले मंगलवार को गणेश अपने साथ गगन को ललितपुर बोलकर ले गया था। रास्ते में बबीना थाना क्षेत्र के बीएचईएल चौकी क्षेत्र में लोडर पलटने से गगन गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, गणेश सुरक्षित था। घायल गगन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

हादसे के पीछे प्रेमिका का हाथ !

गगन की मां का कहना है कि, उसका बेटा पड़ोस में रहने वाले गणेश की साली से करीब सात साल से प्यार करता था। दोनों शादी करने के लिए तैयार हो गए थे। लेकिन, लड़की की मां इसका विरोध करती थी। उसने शादी करने से इंकार कर दिया। जिस पर उसने अपने लड़के गगन को समझाया और दूसरी जगह शादी तय कर दी। अभी कुछ दिन बाद उसकी ओरछा मंदिर से शादी होनी थी। इसी बीच लड़की ने उसके बेटे गगन को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर मैसेज के माध्यम से धमकी दी। आशंका है कि इस हादसे के बाद उक्त लड़की और उसके जीजा गणेश का हाथ है। उसे न्याय चाहिए है। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक उन्हें किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलती है तो जांच कर उचित कार्यवाही की जायेगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story