Jhansi News: महिलाओं को सुरक्षा का अहसास करा रहे पिंक टॉयलेट

Jhansi News: स्मार्ट सिटी के अंतर्गत झांसी महानगर के 11 सार्वजनिक स्थलों पर पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। यहां उल्लेखनीय है कि यह टॉयलेट सिर्फ महिलाओं के लिए हैं।

Jugul Kishor
Published on: 5 Aug 2024 5:04 AM GMT
Jhansi News
X

बीकेडी चौराहे पर बना पिंक टायलेट (Pic: Newstrack)

Jhansi News: महानगर के सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए बनाए गए नि:शुल्क पिंक टॉयलेट न केवल उन्हें सुरक्षा का अहसास करा रहे हैं साथ ही सेनेटरी पैड जैसी अहम सामग्री भी उपलब्ध करा रहे हैं, जिन्हें बाजार से खरीदने में महिलाएं अक्सर झिझक महसूस करती हैं। वहीं, बच्चों को दूध पिलाने के लिए सुरक्षित कक्ष भी हैं। इसके अलावा सार्वजिनक स्थलों में घूमने वाले शोहदों से भी सुरक्षित रखने में अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं। ऐसे में सघन बाजारों और मलिन बस्तियों में भी पिंक टॉयलेट की जरूरत महसूस की जाने लगी है।

पूर्व में सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए सार्वजिनक शौचालय की व्यवस्था थी। चूंकि सार्वजिनक शौचालयों के आधे हिस्से में पुरुष के लिए और आधे हिस्से में महिलाओं के लिए शौचालय होते हैं। ऐसे में महिलाएं सार्वजनिक शौचालयों में जाने से झिझक महसूस करती हैं। इन शौचालयों में अक्सर गंदगी और गुटके की पीक दिखाई पड़ती है। पूरे परिसर में में बीड़ी, सिगरेट के टुकड़े दिखाई देते हैं। दीवारों पर अवांछित विज्ञापनों के स्टिकर भी दिखाई पड़ जाते हैं। वहीं, बिजली पानी की भी समुचित व्यवस्था भी ठीक नहीं होती है। इस दशा में महिलाएं यहां आने में झिझक महसूस करती हैं। स्मार्ट सिटी द्वारा महिलाओं के लिए साफ सुथरे और सुरक्षित पिंक टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। इन टॉयलेट की व्यवस्था सुलभ इंटरनेशनल जैसी संस्था कर रही है।

स्मार्ट सिटी के अंतर्गत झांसी महानगर के 11 सार्वजनिक स्थलों पर पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। यहां उल्लेखनीय है कि यह टॉयलेट सिर्फ महिलाओं के लिए हैं। यहां व्यवस्थाएं देखने के लिए महिलाएं ही तैनात हैं। ऐसे में यहां महिलाएं अपने आपको सुरक्षित महसूस करती हैं। चूंकि, वर्तमान में पिंक टॉयलेट महिला अस्पताल, पुलिस लाइन के पास, बीकेडी चौराहा, सीपरी बाजार पुल के समीप, मेडिकल कॉलेज के बाहर, बस स्टैंड, रानी लक्ष्मीबाई पार्क, मैथिलीशरण गुप्ता पार्क, पंचतंत्र पार्क के बाहर सहित अन्य स्थानों पर बनाए गए हैं।

सेनेटरी पैड वेडिंग मशीन

पिंक टॉयलेट में सेनेटरी पैड वेडिंग मशीन भी उपलब्ध है, जिसमें निर्धारित शुल्क का सिक्का डालने पर महिलाएं पैड निकाल सकती हैं। ‌‌वहीं बर्न मशीन में यूज पैड को डालकर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर सकतीं हैं। पिंक टायलेट में बच्चों के बैठने व सामान सुरक्षित रखने के लिए भी व्यवस्था है।

अपर नगर आयुक्त कमर अहमद ने कहा कि महानगर में ग्यारह स्थानों पर पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। इसके अलावा सघन बाजारों या जहां जरूरत महसूस की जा रही है वहां प्रस्ताव देकर पिंक टॉयलेट बनाए जा सकते हैं। यहां स्वच्छता और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story