×

Jhansi News: रेलवे बोर्ड ट्रेक्शन एवं रोलिंग स्टॉक के सदस्य बी.एम. अग्रवाल ने किया निरीक्षण

Jhansi News: निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने वंदे भारत ट्रेनों के मरम्मत कार्य हेतु प्रस्तावित साइट का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Gaurav kushwaha
Published on: 20 March 2025 8:05 PM IST
Jhansi News: रेलवे बोर्ड ट्रेक्शन एवं रोलिंग स्टॉक के सदस्य बी.एम. अग्रवाल ने किया निरीक्षण
X

Jhansi News

Jhansi News: भारतीय रेलवे के सदस्य ट्रेक्शन एवं रोलिंग स्टॉक बी.एम. अग्रवाल ने झांसी क्षेत्र के विभिन्न रेल प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वैगन रिपेयर वर्कशॉप, रेल कोच नवीनीकरण कारखाने एवं वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन स्थित लॉबी का गहन निरीक्षण कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

दक्षता औऱ सुरक्षा मानकों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान श्रीअग्रवाल ने वर्कशॉप के विभिन्न शापों में जाकर मरम्मत कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, दक्षता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्चतम मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

रेल कोच नवीनीकरण कारखाने का निरीक्षण

इसके पश्चात श्रीअग्रवाल ने रेल कोच नवीनीकरण कारखाने का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भंडारण डिपो की स्वचालित भंडारण और वापसी प्रणाली, व्हील शॉप, बोगी शॉप, स्प्रिंग लाइन एवं रोबोटिक पेंट बूथ का जायजा लिया। उन्होंने कारखाने में सुरक्षा एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अतुल कनौजिया मौजूद रहे।

वंदे भारत ट्रेनों के मरम्मत कार्य साइट का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने वंदे भारत ट्रेनों के मरम्मत कार्य हेतु प्रस्तावित साइट का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आउटटर्न बढ़ाने एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

संयुक्त क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम से संबंधित दस्तावेजों को देखा

इसके पश्चात श्रीअग्रवाल वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने संयुक्त क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम का निरीक्षण किया। लॉबी निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइन ऑफ प्रक्रिया, एफएस डिवाइस की उपलब्धता, वीएचएफ फ्रीक्वेंसी तथा अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित लोको पायलटों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली एवं ज्ञान को परखा तथा लॉबी में कार्य से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों को देखा।

रनिंग स्टॉफ के सुझावों को सुना

इसके बाद उन्होंने रनिंग रूम का दौरा किया, जहां उन्होंने स्टाफ को प्रदान की जा रही आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रनिंग स्टाफ की आरामदायक एवं सुरक्षित ड्यूटी सुनिश्चित करने हेतु सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। श्री अग्रवाल ने रनिंग स्टाफ से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों को सुना l

मंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

निरीक्षण के उपरांत श्री अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में मंडल के सभी शाखा अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने झांसी मंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया एवं ट्रेन परिचालन की गति एवं दक्षता बढ़ाने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने महाकुंभ मेले के दौरान मंडल द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की और स्टाफ को प्रेरित करने पर जोर दिया। साथ ही, तीसरी लाइन के परिचालन से ट्रेन गति में संभावित वृद्धि पर अपने विचार साझा किए। निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने रेलवे के कार्यों की सराहना करते हुए सभी कर्मचारियों को अपने कार्यों में और अधिक निपुणता एवं प्रतिबद्धता के साथ योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

यह अफसर रहे मौजूद

इस दौरान अनिमेष कुमार सिन्हा (प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर) उत्तर मध्य रेल, यतेंद्र कुमार (प्रमुख मुख्य विद्युत् इंजीनियर) उत्तर मध्य रेल, ईडी मॉडर्नाइज जयंत कुमार, सुनील कुमार भारती (मुख्य कारखाना इंजीनियर) उत्तर मध्य रेल, मनीष अग्रवाल (कार्यकारी निदेशक) रेल विकास निगम लिमिटेड,अपर मंडल रेल प्रबंधक /परिचालन नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा पी पी शर्मा, के साथ साथ अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Admin 2

Admin 2

Next Story