Jhansi: रामोत्सव 2024 होम स्टूडियो कार्यशाला का समापन, पांच कलाकारों का चयन

Jhansi: रामोत्सव 2024 की संयोजक एवं ललित कला संस्थान, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की समन्वयक डॉ श्वेता पाण्डेय ने बताया कि अकादमी की ओर से झांसी के पांच कलाकारों का चयन किया गया है।

Gaurav kushwaha
Published on: 30 Jun 2024 1:09 PM GMT
jhansi news
X

झांसी में रामोत्सव 2024 होम स्टूडियो कार्यशाला का समापन (न्यूजट्रैक)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ द्वारा आयोजित रामोत्सव 2024 होम स्टूडियो कार्यशाला का समापन हो गया है। इस कला प्रदर्शनी के लिए झांसी के पांच कलाकारों की कृतियां जमा कर दी गई हैं। इन कृतियों को रामोत्सव 2024 कला प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। इस कार्यशाला का आयोजन 22 से 26 जून तक किया गया था।

कलाकारों की कृतियां एक साथ लखनऊ में प्रदर्शित की जाएंगी

झांसी जनपद की रामोत्सव 2024 की संयोजक एवं ललित कला संस्थान, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की समन्वयक डॉ श्वेता पाण्डेय ने बताया कि अकादमी की ओर से झांसी के पांच कलाकारों का चयन किया गया है। जिनकी राम आधारित कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर कई जनपदों के कलाकारों का चयन इसके लिए किया गया है। चयनित जनपदों के कलाकारों की कृतियां एक साथ लखनऊ में प्रदर्शित की जाएंगी।डॉ पाण्डेय ने बताया कि झांसी जनपद से गजेंद्र सिंह, तनुज विश्वास, अंजलि राजपूत, अलादीन और शिवांगी सोनी की कलाकृतियों को चयनित किया गया है। रामोत्सव 2024 होम स्टूडियो कार्यशाला का आयोजन 22 से 26 जून 2024 तक किया गया। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि कलाकारों का चयन अकादमी द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया गया है।


कला के माध्यम से राम को प्रदर्शित करने का प्रयास

उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ की निदेशक श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि अकादमी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर कला प्रदर्शनी का आयोजन करता रहा है। इसी क्रम में रामोत्सव 2024 होम स्टूडियो कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जनपदों के चयनित होम स्टूडियो कलाकारों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि राम भारतीयता के परिचायक और हर व्यक्ति के लिए आदर्श हैं। इसी लिए इस कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

चयनित कलाकार गजेंद्र सिंह ने बताया कि कला के माध्यम से राम को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि राम जन जन के नायक और पुरुषोत्तम हैं। यह कला प्रदर्शनी राम के विविध रूपों पर आधारित है जिसमें उनके जीवन एवं दर्शन को प्रदर्शित किया गया है।

अंजलि राजपूत ने बताया कि राम हम सभी के प्रेरणा स्त्रोत हैं और इस कला प्रदर्शनी में चयनित होना बहुत ही गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि ललित कला अकादमी द्वारा चयनित किया जाना किसी भी कलाकार के लिए सौभाग्य का विषय होता है। उल्लेखनीय है कि डॉ. श्वेता पाण्डेय ने इसके पूर्व भी उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ द्वारा आयोजित कई कला प्रदर्शनी को संचालित किया है। यही कारण है कि डॉ. श्वेता पाण्डेय को रामोत्सव 2024 के लिए संयोजक बनाया गया है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story