×

Jhansi News:रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों का BPSC, NABARD और RPSC में चयन

Jhansi News: इस शानदार सफलता से रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा और गरिमा और बढ़ी है।

Gaurav kushwaha
Published on: 13 March 2025 6:05 PM IST
Jhansi News
X

Jhansi News (Image From Social Media)

Jhansi News: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रमाण दिया है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रखंड उद्यान अधिकारी के रूप में चयन प्राप्त किया है। यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

इससे पहले, फरवरी माह में कृषि महाविद्यालय के 20 विद्यार्थियों का चयन हुआ था और अब 6 मार्च को आयोग द्वारा जारी सूची में उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के इन 11 विद्यार्थियों के नाम आने से पूरे विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है।

यह बने अधिकारी

राजीव कुमार, विकास कुमार, आकांक्षा कुमारी, आशना कुमारी, कल्पना कुमारी, सुकृति कुमारी, प्राची रंजन, शशि रंजन, अंशु प्रिया, अनुष्का राज, रोहित कुमार शामिल है।

नाबार्ड एवं आरपीएससी में भी शानदार सफलता

इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थियों—मयंक जैन और अनुष्का राज का चयन राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) में सहायक प्रबंधक (ग्रेड-1 अधिकारी) के पद पर हुआ है। वहीं, मनोज सैनी ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी ) की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर सहायक कृषि शोध अधिकारी पद पर सफलता अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।


विश्वविद्यालय की सफलता और आगे की दिशा

कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने इस उल्लेखनीय सफलता पर उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ मनीष श्रीवास्तव सहित सभी शिक्षकों, निदेशको, अधिष्ठाताओं और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय न केवल उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार परक और शोध आधारित शिक्षा देने पर विशेष ध्यान देता है। काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल के प्रभारी डॉ. एम.जे. डोबरियाल ने बताया कि विश्वविद्यालय के कई छात्र उच्च शिक्षा के लिए देश के शीर्ष संस्थानों में प्रवेश ले रहे हैं, वहीं कई विद्यार्थियों ने स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

गर्व का क्षण और प्रेरणास्रोत

इस शानदार सफलता से रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा और गरिमा और बढ़ी है। यह उपलब्धियाँ आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगी और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और अनुसंधान क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेंगी।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Next Story