Jhansi: कांग्रेस से बुंदेला परिवार की फिर नजदीकियां, सुजान सिंह के बेटे गुड्डूराजा को बनाया प्रत्याशी

Jhansi News: सुजान सिंह के बेटे चंद्रभूषण सिंह गुड्डूराजा ने यूं तो पिछले दो दशक में सपा और बसपा से चुनाव मैदान में आकर अपनी किस्मत आजमाई पर सफलता नहीं मिली।

B.K Kushwaha
Published on: 26 March 2024 5:22 AM GMT
Jhansi news
X

Congress (photo: social media )

Jhansi News: किसी जमाने में बुंदेलखंड में कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे सुजान सिंह बुंदेला का परिवार गांधी नेहरू परिवार का सबसे नजदीकी माना था, पर समय के साथ बढ़ी राजनीतिक तल्खियों ने ललितपुर के बुंदेला परिवार को कांग्रेस से दूर कर दिया था। सुजान सिंह के बेटे चंद्रभूषण सिंह गुड्डूराजा ने यूं तो पिछले दो दशक में सपा और बसपा से चुनाव मैदान में आकर अपनी किस्मत आजमाई पर सफलता नहीं मिली। एक बार फिर बुंदेला परिवार की गांधी परिवार से नजदीकियां बढ़ीं और गुड्डू राजा को कांग्रेस में घर वापसी का मौका मिला। बीते मध्यप्रदेश के चुनाव में जहां पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया था वहीं, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें मध्यप्रदेश के सागर से प्रत्याशी बनाया है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व कमलनाथ के माध्यम से गुड्डू राजा 2023 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। इसके बाद उनकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी नजदीकियां बढ़ गईं। सागर ललितपुर के पास होने के कारण कांग्रेस ने गुड्डू राजा पर भरोसा जताया है। चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा ने भास्कर से बातचीत में कहा कि उन्होंने सागर में कांग्रेसियों के साथ बैठक करके आगे की रणनीति तैयार कर ली है। चुनाव पूरी कांग्रेस एकजुट होकर ताकत के साथ लड़ेगी।

सुजान सिंह रहे झांसी ललितपुर से दो बार सांसद

गुड्डू राजा के पिता सुजान सिंह बुंदेला झांसी-ललितपुर से दो बार सांसद रह चुके हैं। 1984 व1999 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। उस समय उनका कांग्रेस में खासा प्रभाव था।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में आई थी सुजान और सोनिया के बीच खटास

पीढ़ियों से कांग्रेस के लिए काम करने वाले सुजान सिंह बुंदेला उस समय सोनिया की गुड लिस्ट से हट गए थे, जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में वे जितेंद्र प्रसाद का समर्थन कर रहे थे। हालांकि, चुनाव सोनिया गांधी ही जीतीं पर इसके बाद सुजान सिंह की उल्टी गिनती शुरू हो गई तथा उनका टिकट काट दिया गया।

अरुणोदय चौबे के भाजपा में जाने के बाद गुड्डू को उतारा मैदान में। इस सीट पर कांग्रेस नेता अरुणोदय चौबे के भाजपा में चले जाने के बाद पार्टी को ललितपुर निवासी गुड्डू राजा को सागर से चुनाव मैदान में उतारना पड़ा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story