TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Jhansi News: यूपी सरकार की कोशिशों से बुन्देलखण्ड में पर्यटन की बदलने लगी तस्वीर

Jhansi News: झांसी के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में मेजर ध्यानचंद हॉकी म्यूजियम का निर्माण स्मार्ट सिटी झांसी ने किया है, जिसका उद्घाटन 29 अगस्त 2023 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।

Gaurav kushwaha
Published on: 26 Sep 2024 2:45 PM GMT
The picture of tourism in Bundelkhand started changing due to the efforts of UP government
X

यूपी सरकार की कोशिशों से बुन्देलखण्ड में पर्यटन की बदलने लगी तस्वीर: Photo- Newstrack

Jhansi News: यूपी सरकार की योजनाओं ने बुंदेलखंड क्षेत्र में संभावनाओं के कई द्वार खोले हैं। इस क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों का विस्तार हुआ है। पर्यटन नीति में बुंदेलखंड को विशेष प्राथमिकता दिए जाने का असर दिखाई देने लगा है। ऐतिहासिक किलों को हेरिटेज होटल में तब्दील करने की शुरुआत होने जा रही है।

झांसी में बढ़ीं पर्यटन गतिविधियां

झांसी के बरुआसागर में दिसंबर 2023 में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की शुरुआत की गयी है। झांसी के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में मेजर ध्यानचंद हॉकी म्यूजियम का निर्माण स्मार्ट सिटी झांसी ने किया है, जिसका उद्घाटन 29 अगस्त 2023 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। झांसी के राजकीय संग्रहालय का स्मार्ट सिटी के माध्यम से स्वरूप बदला गया है और यहां वर्चुअल रियलिटी के माध्यम से इतिहास के बारे में रोचक ढंग से जानकारी प्रदान की जाती है। संग्रहालय की तीन डिजिटलाइज्ड गैलरी का उद्घाटन सीएम योगी आदित्यनाथ ने 12 मार्च 2024 को वर्चुअल माध्यम से किया था।

बरुआसागर किले का विकास

यूपी सरकार की योजना के अंतर्गत झांसी के बरुआसागर किले को एडॉप्ट करने के लिए नीमराना होटल्स के प्रस्ताव को पर्यटन विभाग ने फाइनल किया है। विकासकर्ता कम्पनी किले को संरक्षित करने पर लगभग 100 करोड़ रूपये खर्च करेगी। यहां 25 फीसदी रोजगार के अवसर स्थानीय लोगों को प्रदान किये जायेंगे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को गोद लेकर विकासकर्ता कम्पनी उन गांव के विकास का काम करेगी।

बरुआसागर किले के अतिरिक्त राम जानकी मंदिर गरौठा, पठामढ़ी का मंदिर गरौठा, बंजारी का मंदिर एवं बेर, बुंदेलखंड के रॉक कट गुफाएं देवगढ़ ललितपुर, सुमेरगढ़ का प्राचीन मंदिर ललितपुर, सोमनाथ मंदिर मानिकपुर चित्रकूट, खाकरा मठ चरखारी महोबा, रणछोर मंदिर धोजरी ललितपुर, प्राचीन बैठक तालबेहट ललितपुर, चन्देली मंदिर करियारी हमीरपुर, शांतिनाथ मंदिर भरवारा महोबा, शिव मंदिर उल्दना कला ललितपुर, दशरथ घाटी चित्रकूट और खंडेह के मंदिर मौदहा हमीरपुर समेत कई पर्यटन स्थलों के लिए प्रस्ताव मंगाए गए हैं।

बुंदेलखंड के लिए पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम

बुंदेलखंड के पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता पैदा करने के मकसद से 14 अगस्त 2023 को लखनऊ से रवाना हुए महिला बाइकर्स के दल ने बुंदेलखंड के सभी जनपदों के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस दल में स्वाति सिंह नव्या, श्वेता, समृद्धि, फिजा फातिमा और प्रिया शामिल रहीं। सुरक्षित पर्यटन का सन्देश देने के मकसद से महिलाओं ने बाइक से लगभग 320 किमी का सफर तय किया। बुंदेलखंड के पर्यटन स्थलों और यहां की संस्कृति से लोगों को रूबरू कराने के मकसद से 23 जनवरी से 18 फरवरी तक सभी सातों जिलों में बुंदेलखंड गौरव महोत्सव का आयोजन किया गया।

पर्यटन दिवस पर होंगे कार्यक्रम

झांसी में विश्व पर्यटन दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुक्ताकाशी मंच पर बुंदेली राई नृत्य, बुंदेली आल्हा, गायन, रिदम म्यूजिकल बैंड नई दिल्ली के कलाकारों के कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुति होगी। उत्तर प्रदेश व्यंजन उत्सव - चटखारों का मेला, यूपी है अलबेला का आयोजन किया जाएगा। दीन सभागार में विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये ब्लॉगर्स को सम्मानित किया जायेगा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का पर्यटन और होटल प्रबंधन संस्थान पर्यटन जागरूकता पर कार्यक्रम का आयोजन करेगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story