×

UP: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 14 को, पार्टी अध्यक्ष नड्डा भी होंगे शामिल, इन मुद्दों पर होगी चर्चा, बनेगी रणनीति

UP News: लोकसभा चुनाव के बाद होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं सात जुलाई को केंद्र में यूपी कोटे से बने मंत्रियों का अभिनंदन भी किया जाएगा।

Network
Newstrack Network
Published on: 29 Jun 2024 4:18 AM GMT
UP: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 14 को, पार्टी अध्यक्ष नड्डा भी होंगे शामिल, इन मुद्दों पर होगी चर्चा, बनेगी रणनीति
X

JP Nadda  (PHOTO: Social media )

UP News: 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी से तगड़ा झटका लगने के बाद भाजपा हार के कारणों पर मंथन और चिंतन कर रही है। पार्टी यूपी में अपनी जमीन फिर से मजबूत करने में जुट गई है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 14 जुलाई को होगी। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। बैठक के लिए लखनऊ में स्थान तय करने की कवायद भी शुरू हो गई है। इससे पहले जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी। लोकसभा चुनाव के बाद होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं सात जुलाई को केंद्र में यूपी कोटे से बने मंत्रियों का अभिनंदन भी किया जाएगा। पार्टी अब यूपी में 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनावों की तैयारियों में भी जुटेगी। इन तमाम विषयों पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मंथन भी किया गया।

भाजपा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटी

लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा अब नये सिरे से आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गई है। चुनाव बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पांच कालिदास मार्ग में हुई पहली कोर कमेटी की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस बैठक में पार्टी कुछ नई संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रम अभियानों सहित अन्य बिंदुओं पर आगे बढ़ेगी। इससे पूर्व राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने मुख्यमंत्री सहित पार्टी के कई नेता दिल्ली जाएंगे।

उपचुनाव की तैयारियों पर भी मंथन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में उत्तर प्रदेश के नौ चेहरे शामिल हैं। इन केंद्रीय मंत्रियों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम यूपी की राजधानी लखनऊ में होगा। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए सामाजिक समीकरण सहेजने के साथ ही यूपी को वरीयता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताएगी। कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इनमें पांच सीटों एनडीए और पांच सपा के पास थीं। यह चुनाव अगस्त में हो सकते हैं। इन सीटों पर संगठन के नेताओं के अलावा प्रदेश सरकार की ओर से कुछ मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जा सकती है।

कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक शामिल थे।

भाजपा ओबीसी या दलित को बनाएगी एमएलसी

भाजपा कोर कमेटी की बैठक में विधान परिषद की रिक्त हुई एक सीट पर आगामी 12 जुलाई को होने वाले चुनाव को लेकर भी मंथन किया गया। इस सीट पर भाजपा किसी ओबीसी या दलित चेहरे पर दांव लगाएगी। यह सीट स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के चलते खाली हुई है। कोर कमेटी ने करीब डेढ़ दर्जन नामों पर मंथन किया। इनमें से पांच नामों का पैनल तैयार कर पार्लियामेंट्री बोर्ड से मंजूरी के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है। इसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, दुर्विजय शाक्य सहित कुछ और नाम शामिल होने बताए गए हैं। हालांकि इस सीट पर कई सवर्ण चेहरे भी दावेदारी कर रहे हैं, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर व दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संजय राय, पार्टी के मीडिया विभाग से जुड़े दो चेहरों सहित कुछ और नाम शामिल थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story