×

कैराना उपचुनाव: क्या मृगांका को मिलेगी कामयाबी? मां से लेंगी बेटे से हार का बदला

aman
By aman
Published on: 31 May 2018 3:51 AM GMT
कैराना उपचुनाव: क्या मृगांका को मिलेगी कामयाबी? मां से लेंगी बेटे से हार का बदला
X

लखनऊ: प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। पोस्टल बैलेट की गिनती में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रत्याशी तबस्सुम हसन बीजेपी उम्मीदवार मृगांका सिंह से आगे चल रही हैं। गौरतलब है कि इस सीट के लिए 28 मई को मतदान हुआ था ,लेकिन, ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों के बीच कुल 54 प्रतिशत मतदान हुआ था। हालांकि, बुधवार को 73 बूथों पर दोबारा वोट डाले गए।

कैराना लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी को शिकस्त देने के लिए गोरखपुर-फूलपुर की तर्ज पर विपक्षी गठबंधन की उम्मीदवार तबस्सुम हसन मैदान में हैं। तबस्सुम को जिताने के लिए विपक्ष एकजुट है। वहीं, मृगांका सिंह को जिताने के लिए बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है।

चुनाव प्रचार में बीजेपी ने झोंकी थी ताकत

चुनाव प्रचार के दौरान सीएम योगी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मृगांका के लिए सभाएं की। माना जा रहा है कि इन दोनों नेताओं के यहां पूरा जोर लगाने के पीछे उनकी अपनी-अपनी सीटों पर मिली हार की टीस भी थी। सीएम योगी ने यहां दो रैलियां कीं। इनके अलावा राज्य सरकार के 14 मंत्री चुनाव प्रचार में जुटे रहे। पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए तो नहीं आए, लेकिन मतदान से एक दिन पहले कैराना से सटे बागपत में उनकी रैली को प्रचार से ही जोड़कर देखा जाता रहा।

बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन से उपचुनाव

उल्लेखनीय है, कि 2014 लोकसभा चुनाव में कैराना संसदीय सीट से बीजेपी के हुकुम सिंह ने जीत दर्ज की थी। उनके निधन के बाद यहां उपचुनाव हुए हैं। बता दें, कि 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां करीब 72 फीसदी वोटिंग हुई थी, जिसमें बीजेपी को 5 लाख 65 हजार 909 वोट मिले थे, जबकि सपा को 3 लाख 29 हजार वोट। बहुजन समाज पार्टी बसपा को तब 1 लाख 60 हजार 414 वोट मिले थे। बीजेपी प्रत्याशी मृगांका सिंह, हुकुम सिंह की बेटी हैं। पिता के सांसद बनने के बाद उनकी खाली विधानसभा सीट से मृगांका किस्मत आजमा चुकी हैं। लेकिन उस वक़्त उन्हें सपा के नाहिद हसन से मात खानी पड़ी थी। नाहिद हसन वर्तमान रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन के बेटे हैं।

क्या मृगांका मां से लेंगी बेटे से हार का बदला?

अब यह देखना दिलचस्प होगा, कि क्या मृगांका सिंह विधानसभा चुनाव में बेटे से हार का बदला लोकसभा उपचुनाव में उनकी मां से ले पाती हैं या नहीं।तबस्सुम हसन दिवंगत पूर्व सांसद मुनव्वर हसन की पत्नी हैं। 2009 में वो इस सीट से बसपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद रह चुकी हैं। सपा विधायक नाहिद हसन उन्हीं के बेटे हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story