TRENDING TAGS :
Kannauj News: हिन्दुओं पर हमले को लेकर स्वतंत्र देव का अटपटा बयान, आम चुनाव के नतीजों ने बांग्लादेश का मनोबल बढ़ाया
Kannauj News: पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के मोहल्ला पठकाना स्थित उनके आवास पर कन्नौज पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
Swatantra Dev statement (photo: social media )
Kannauj News: कन्नौज पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बांग्लादेश में हिंदुओं के ऊपर हो रहे अत्याचार को लेकर एक बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2024 के आम चुनाव के जो परिणाम आए, उस परिणाम से बांग्लादेश का मनोबल बढ़ा जिसका परिणाम हम लोग थोड़ा बहुत भुगत रहे हैं और राज्य के अंदर भी गुंडागर्दी बढ़ी है। उन्होंने कहा, सपा के अंदर झूठ और फरेब करके जो संसाद बने उससे गुंडागर्दी बढ़ी है। लेकिन उसे तुरंत योगी सरकार ने कंट्रोल किया है। आज फिर भी कानून का राज है लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने अखिलेश यादव और सपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सपा एक पक्ष को आक्रोशित कर दंगा करवाती है। दंगाइयों को पुरस्कार देती है। उन्होंने कहा अखिलेश यादव जब जब राज्य में सत्ता में आए तब तब लूट, डकैती, भ्रष्टाचार बढ़ा। राज्य में एक परिवार का शासन रहा, दूसरे यादवों को कुछ भी नहीं मिला।
आपको बताते चलें कि पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के मोहल्ला पठकाना स्थित उनके आवास पर कन्नौज पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी दंगाइयों को सम्मान दे रही है। अपनी सरकार में लूट-खसोट करने वाले लोग आज दंगाइयों को पुरस्कार दे रहे हैं। उन्होंने संभल हिंसा को लेकर सपा पर कई प्रहार किए।
कानून अपना काम कर रहा
स्वतंत्र देव ने कहा कि संभल में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष मंदिर होने का दावा कर रहा है तो दूसरा पक्ष मस्जिद होने की बात कह रहा है। कानून अपना काम कर रहा है। सरकार पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं जो अपने शासन में लूट-खसोट कराते थे। लोगों की जमीनें हड़प लेते थे, अब वह लोग संभल के दंगाइयों को पुरस्कार देते घूम रहे हैं। प्रदेश में 2017 से पहले लोग दिन में घरों से निकलने में डरते थे। आज उन्हीं सड़कों पर बहन-बेटियां शादी समारोह में जाती हैं और रात को सुरक्षित आतीं हैं। 2014 से पहले देश में मंदिरों, एयरपोर्ट, संसद भवन, होटलों और भीडभाड़ वाले इलाकों में विस्फोट होते थे, आज उसी देश में शांति का माहौल है।