TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: रसूलाबाद में गैस सिलेंडर फटने से महिला झुलसी, बड़ा हादसा टला
Kanpur Dehat News: आग की लपटों से महिला का चेहरा और हाथ झुलस गए। इसके साथ ही गैस सिलेंडर के फटने से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
कानपुर देहात के रसूलाबाद में गैस सिलेंडर फटने से महिला झुलसी (photo: social media )
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के निवादा खेड़ा गांव में एक बड़ी घटना में गैस सिलेंडर के फटने से महिला झुलस गई। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और कड़ी मशक्कत से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और बाल-बाल बच गई।
घटना के बारे में नितिन त्रिवेदी, जो खेतों पर काम कर रहे थे, ने बताया कि उनकी मां उमाकांती चाय बनाने के लिए घर में माचिस से गैस चूल्हा जला रही थीं, तभी सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटों से महिला का चेहरा और हाथ झुलस गए। इसके साथ ही गैस सिलेंडर के फटने से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। इनवर्टर बैट्री, पचास हजार रुपये, जेवरात, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और अनाज जैसे गेहूं, राई और धान सब जलकर नष्ट हो गए।
महिला घर पर अकेली थी
घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। जैसे ही इस हादसे की सूचना नितिन को मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी नितिन की मदद की और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। पास के समरसेबल के जरिए बड़ी मेहनत से आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद, नितिन ने क्षेत्रीय लेखपाल अकिंत कुशवाहा को सूचना दी। नितिन ने बताया कि इस हादसे में लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। रसूलाबाद तहसीलदार संतोष कुमार ने कहा कि मौके पर लेखपाल को भेजा गया है, जो क्षति का आकलन करेंगे और नियमानुसार विधिक सहायता दी जाएगी।