×

Kanpur News: बेड पर जिलाध्यक्ष, तीमारदारों की बेंच पर पदाधिकारी.. भाजपा का बैनर लगा इस तरह हुई कार्यक्रम की तैयारी

Kanpur News: कानपुर उत्तर जिले के नवनियुक्त अनिल दीक्षित के साथ एक हादसा हो गया। वह घर की सीढ़ियों से फिसल गये थे। जिसके चलते उनकी जांघ की हड्डी में फैक्चर आ गया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 25 March 2025 4:12 PM IST
kanpur news
X

kanpur news

Kanpur News: भारतीय जनता पार्टी के उत्तर जिले की एक बैठक सुर्खियों में बनी हुई है। योगी सरकार के आठ साल पूरे होने पर कानपुर में भी कार्यक्रम का आयोजन होना है। ऐसे में तैयारियों को लेकर बैठक होनी थी। लेकिन यह बैठक किसी पार्टी कार्यालय या फिर सभागार में नहीं बल्कि एक अस्पताल के वार्ड में हुई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसकी काफी चर्चा भी हो रही है।

बैठक के दौरान दिखा दिलचस्प नजारा

दरअसल कानपुर उत्तर जिले के नवनियुक्त अनिल दीक्षित के साथ एक हादसा हो गया। वह घर की सीढ़ियों से फिसल गये थे। जिसके चलते उनकी जांघ की हड्डी में फैक्चर आ गया। घायल होने के बाद अनिल दीक्षित को तुरंत आर्यनगर में स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका ऑपरेशन हुआ। इसके बाद से वह अस्पताल में ही भर्ती हैं।

वहीं योगी सरकार के आठ साल पूरे होने पर कानपुर में भी कार्यक्रम आयोजित होने हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष को बैठक करनी थी। लेकिन जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी पार्टी को प्रमुखता दी और अस्पताल के पेशेंट केयर वार्ड को भाजपा का अस्थायी कार्यालय बना दिया। जिलाअध्यक्ष ने अपने बेड के पीछे भाजपा का बैनर लगाया और बैठक बुला ली। खुद बेड पर बैठकर उन्होंने बैठक की अध्यक्षता की।

वहीं पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तीमारदारों की कुर्सियों और अगल-बगल के बेड पर बैठे हुए दिखे। लगभग आधे घंटे तक चली बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार किया गया। वहीं अब इस अनोखी बैठक की खूब चर्चा हो रही है। बैठक के संबंध में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि दो दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिलेगी और फिर दस दिनों तक बेड रेस्ट के लिए डॉक्टरों ने सलाह दी है।

इस तरह ठीक होने में लगभग एक माह का समय लग जाएगा। ऐसे में पार्टी का कामकाज बाधित नहीं होना चाहिए। इसलिए अस्पताल में ही बैठक आयोजित की गयी और 14 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में विचार विमर्श किया गया।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story