×

जरूरी है वर्षा जल संचयन एवं उसका उचित प्रबंधन

जल जीवन का अमृत है, इसके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना करना भी संभव नहीं है।

Avanish Kumar
Published on: 12 Jun 2021 5:48 PM GMT
Kanpur
X

जल संरक्षण के बारे में जानकारी देते चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वीके कनौजिया एवं मृदा वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने newstrack.com से वर्षा जल संचयन एवं उसका उचित प्रबंधन को लेकर खास बातचीत करते हुए बताया कि जल ही जीवन है, जल जीवन का अमृत है। इसके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना करना भी संभव नहीं है। आज समय की मांग है कि हम सभी को वर्तमान व भावी पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण व उसके उचित प्रबंधन पर तेजी से काम करना होगा। जल संचयन के लिए समय रहते जाग जाएं क्योंकि "रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। पानी गए न ऊबरे, मोती मानुष चून"।।

डॉक्टर कनौजिया ने बताया कि भारत में 85% पानी कृषि कार्य, 10% उद्योगों और 5% घरेलू कार्यों में इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने बताया कि देश में पानी की मांग 2030 तक दोगुना होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि आंकड़ों के अनुसार देश में वर्ष 1994 में पानी की उपलब्धता प्रति व्यक्ति 6000 घन मीटर थी जो वर्ष 2000 में 2300 घन मीटर रह गई तथा वर्ष 2025 में इसके घटकर 1600 घन मीटर रह जाने का अनुमान है। उन्होंने कहा देश में होने वाली कुल वर्षा का 5 प्रतिशत जल संचयन कर लिया जाए तो देश के करोड़ों लोगों,कृषि व उद्योगों की वर्ष भर की पानी की आवश्यकता को पूरा किया जा सकता है।

डॉक्टर वीके कनौजिया ने कहा वर्षा जल के संचयन यह सबसे उपयुक्त समय है।इस मौसम में लगभग 75 दिन ही वर्षा होती है जिसमें लगभग 85 से 90% भाग बरस जाता है तथा वर्ष के शेष महीनों में छुटपुट वर्षा से काम चलाना पड़ता है। वर्षा के दौरान आवश्यकता से अधिक जल की उपलब्धता का संचयन हमारे उज्जवल भविष्य की आवश्यकता है। देखा जाये तो फसलों, वनस्पतियों तथा मत्स्य पालन को छोड़कर, वर्षा जल का सीधा उपयोग कम ही जगह पर होता है। परंतु तालाबों, नदियों, झरनों, बांधों, आदि में जल का का इकट्ठा होना हमारी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा है। इन सबके बावजूद वर्षा जल का बहुत बड़ा हिस्सा हमारे घरों, खेतों, जंगलों, आदि से बहकर ऐसे दूरस्थ स्थानों पर चला जाता है जो हमारे उपयोग में नहीं आता तथा भूजल के स्तर को भी बढ़ाने में मदद नहीं करता। इस बहने वाले जल को रोकना अति आवश्यक है।

वर्षा जल जहां गिरे वही संचित कर लिया जाना एक आदर्श स्थिति है। सामूहिक रूप से जल के संरक्षण के उपायों को अपनाया जाना चाहिए क्योंकि हम सब स्वतंत्र रूप से भूजल का दोहन बिना कोई शुल्क अदा किये कर रहे हैं। हमें अपने खेतों, तालाबों, जलाशयों, नालों, बेकार पड़ी भूमियों आदि में जल रोकने व इकट्ठा करने के अलावा बड़े घरों और प्रतिष्ठानों में छोटे-छोटे जलाशय बनाकर वर्षा जल को इकट्ठा को करना चाहिए जो धीरे-धीरे रिस कर भूजल में पहुंच जाएगा। मृदा वैज्ञानिक डॉक्टर खलील खान ने सलाह दी है कि खेतों की मेंड़ो को ऊंचा तथा ढालू खेतों को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर जल को जगह-जगह रोक देना चाहिए। यह सबसे सरल तथा प्रभावी उपाय है।

इससे मात्र जल का संरक्षण ही नहीं होता बल्कि मृदा क्षरण को भी रुकता है परिणाम स्वरूप फसलों की उपज बढ़ती है। इसलिए जल का संरक्षण एकमात्र हमारी जलापूर्ति तथा फसल उत्पादन का उपाय है। तो वही डॉ खलील खान ने बताया कि जल संकट को आने से रोकने के लिए घर-घर में छोटे जलाशाय बना कर छतों का पानी इकठ्ठा करें। खेतों की मेड़ों को मजबूत और ऊंचा करें। फसलों को मेड़ों पर बोयें।अधिक से अधिक दलहनी फसलें उगाएं।बृहद स्तर पर वृक्षारोपण करें। जलाशयों व तालाबों को गहरा किया जाना चाहिए तथा नालों को जगह-जगह बांध कर जल रोकें जिसे बाद में उपयोग लिया जा सके। कम पानी चाहने वाली फसलें उगाएं तथा जमीन से निकाले गए जल का सदुपयोग किया जाना अति आवश्यक है। जिससे आने वाले समय में पानी के लिए भटकना न पड़े।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story