×

चोरी कर olx पर बाइक बेचने वाले गिरोह का खुलासा, नेपाल तक करते थे सप्लाई, 42 बाइकें बरामद

aman
By aman
Published on: 14 Jan 2018 11:35 AM GMT
चोरी कर olx पर बाइक बेचने वाले गिरोह का खुलासा, नेपाल तक करते थे सप्लाई, 42 बाइकें बरामद
X
चोरी कर olx पर बाइक बेचने वाले गिरोह का खुलासा, नेपाल तक करते थे सप्लाई, 42 बाइकें बरामद

कानपुर: चकेरी पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोरों के एक गिरोह का भांडाफोड़ किया है। यह गिरोह वाहन चोरी कर सोशल साइट olx के जरिए बेचते थे। साथ ही नेपाल में भी चोरी की बाइकों की सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने इस गिरोह के सात सदस्यों के पास से 42 बाइकें भी बरामद की है। चोरी की गई बाइक के डुप्लीकेट कागजात बनवाए जाते थे। फिर उन्हें बेचा जाता था। पुलिस इस गिरोह के एजेंटों की तलाश में जुटी है।

चकेरी थाना क्षेत्र में वाहन चोरों का एक ऐसा गिरोह सक्रिय था, जिसका नेटवर्क कानपुर सहित आसपास के जिले जैसे- उन्नाव, फतेहपुर ,कानपुर देहात, हमीरपुर सहित आधा दर्जन जिले शामिल हैं। चकेरी पुलिस ने रविवार (14 जनवरी) को तड़के दो संदिग्ध युवकों प्रशांत शुक्ला व विवेक को पूछताछ के लिए रोका। जब पुलिस ने इनसे सख्ती से पूछताछ की, तो बड़ा खुलासा हुआ। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 42 बाइकें बरामद की। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों सीताराम, सुभाष चन्द्र, बलवंत सिंह, अरविन्द सिंह, मो. रियाज को गिरफ्तार किया है।

ये कहा एसपी ईस्ट ने

एसपी ईस्ट अनुराग आर्या ने बताया, कि 'इस गिरोह का सरगना प्रशांत शुक्ला चकेरी के मंगला विहार का रहने वाला है। ये लोग बाइक चोरी कर अपने एजेंटों को भेज देते थे। यह एजेंट जरूरत के हिसाब से बाइक मांग लेते थे। पांच हजार रुपए प्रति बाइक के हिसाब से उन एजेंटों से ये वसूली लेते थे। फ़िलहाल इनसे 42 बाइकें बरामद हुई हैं। अलग-अलग थानों में बाइक चोरी के मुक़दमे दर्ज हैं। विभिन्न थानों से जानकारियां जुटाई जा रही है।'

निकली जा रही कॉल डिटेल

उन्होंने बताया, कि इस गिरोह के सरगना प्रशांत शुक्ला के तार नेपाल में भी गेन। वहां से इसके मिलने वाले बाइक लेने आते हैं। इनका काम बाइक उनके हाथ देकर पैसे ले लेने का था। इसके कॉल डिटेल से यह पता लगाया जा रहा है कि नेपाल के कौन-कौन से लड़के इसके संपर्क में थे।

ऑनलाइन भी होती थी बाइकों की बिक्री

एसपी ईस्ट ने बताया, कि 'यह गिरोह ऑनलाइन भी बाइकों की बिक्री करता था। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। इनका olx पर अकाउंट नहीं है, बल्कि इनके एजेंटों का olx पर अकाउंट है। फर्जी कागजात बनाकर बाइकें बाइक बेच देते थे।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story