×

Kasganj: भूमि विवाद में इंस्पेक्टर को मारी थी गोली, SP सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने गांव में डाला डेरा, छावनी में तब्दील

Kasganj News: दो पक्षों में 10 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों ही पक्ष इस जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। इसी विवाद में गोलीबारी हुई। इंस्पेक्टर को गोली मारकर दबंग फरार हो गए।

Ajay Chauhan
Published on: 4 Jan 2024 4:41 PM GMT
Kasganj News
X

 गांव पुलिस छावनी में तब्दील (Social Media)

Kasganj News: कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच पुलिस के सामने हुई फायरिंग में बुधवार को इंस्पेक्टर गोली का शिकार हो गए थे। इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौड़ को गंजडुंडवारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ अलीगढ के लिए रेफर किया गया था। अलीगढ़ के वरुण ट्रामा सेंटर में उनका ऑपरेशन संपन्न हुआ। उनके कंधे के पास धंसी गोली को डॉक्टरों ने बाहर निकाल लिया।

एडीजी बोले- गांव पुलिस छावनी में तब्दील

एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ (ADG Zone Anupam Kulshrestha) ने उनसे मुलाकात के बाद मीडिया को दिए बयान के बाद इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर के परिजनों में विश्वास जगा है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद गांव नगला नरपति में कासगंज एसपी सौरभ दीक्षित, एएसपी जितेंद्र कुमार दुबे, सीओ विजय कुमार राणा भारी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। पूरे गांव को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

10 बीघा जमीन का विवाद

आपको बता दें कि, बुधवार शाम 7 बजे गोलीबारी की घटना हुई थी। दरअसल, दो पक्षों में 10 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों ही पक्ष इस जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। इसी विवाद में गोलीबारी हुई। इंस्पेक्टर को गोली मारकर दबंग फरार हो गए थे।

दो यादव परिवारों के बीच संघर्ष की ये है दास्तां

कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव नगला नरपति यादव बाहुल्य गांव है। यहां दो यादव परिवारों के बीच लम्बे समय से दस बीघा जमीन को लेकर जंग छिड़ी हुई थी। शिवपाल और दूसरे पक्ष के ऋषिपाल अपना अपना हक जता रहे थे। विवाद गहराया और मामला पुलिस प्रशासन पर पहुंच गया। इधर ऋषिपाल का आपराधिक इतिहास है, इसके पांच बेटे भी साथ देते हैं, उनमें से पुलिस ने दो बेटों को पिछले दिनों ही जिला बदर घोषित किया था, वह तबसे गायब है, मगर तीन पुत्र पिता के साथ गांव में रहते हैं।

ऐसे बढ़ा विवाद

दूसरे पक्ष से ऋषिपाल भी इसे अपनी मूंछों का सवाल बनाए हुए है। फसल की सिंचाई होनी थी। इसके लिए शिवपाल ने एक नलकूप संचालक से बात कर ली थी। इसके लिए ट्यूबवेल से खेत की दूरी अधिक थी। उसने ट्यूबवेल से खेत तक प्लास्टिक का पाइप बिछा दिया था। ऋषिपाल पक्ष के लोग 50 मीटर ट्यूबवेल के पानी के पाइप को काट कर ले गए। वहीं, दूसरे पक्ष शिवपाल के लोगों ने ऋषिपाल की भैंसे अपने यहां बांध ली। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव हुआ।

इंस्पेक्टर को लगी गोली

गांव के ही लोगों ने फोन कर पुलिस बुला ली। इस दौरान फायरिंग हुई और इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौड़ के गोली लग गई। उन्हें गंजडुंडवारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ भेज दिया था, पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सभी वरिष्ठ अधिकारी गांव में मौजूद

गांव नगला नरपति में कासगंज एसपी, सौरभ दीक्षित एएसपी जितेंद्र कुमार दुबे, सीओ विजय कुमार राणा भारी पुलिस बल के साथ गांव में मौजूद हैं। पूरे गांव को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story