×

Kushinagar: पानी को लेकर भाइयों में हुआ विवाद, छोटे भाई ने अवैध पिस्तौल से गोली मारकर की आत्महत्या

Kushinagar News: गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी छत की तरफ दौड़े। अखिलेश को गिरा देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

Mohan Suryavanshi
Published on: 12 Dec 2023 1:34 PM GMT
Kushinagar News
X

 मृतक अखिलेश और इनसेट में रोती पत्नी एवं अन्य (Social Media) 

Kushinagar News : कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड संख्या- 10 तिलक नगर में दो सगे भाइयों में छत पर पानी बहने को लेकर विवाद हो गया। छोटे भाई ने अवैध पिस्तौल से खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले युवक ने दो राउंड फायरिंग भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होने पर एडिशनल एसपी रितेश कुमार सिंह (ASP Ritesh Kumar Singh) घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली। अवैध हथियार रखने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, रामकोला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर- 10 तिलक नगर निवासी राना अखिलेश पुत्र रमाकांत प्रसाद (30 वर्ष) की भाभी संगीता मंगलवार (12 दिसंबर) को डेढ़ बजे के करीब छत पर कपड़े धुल रही थी। उसी समय राना अखिलेश छत पर पहुंचा तो देखा कि पानी उसके हिस्से में बहकर इकठ्ठा हुआ है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। इसी बीच अखिलेश की भाभी ने मोबाइल से कॉल कर अपने पति सचिंद्र जो पेशे से सफाई कर्मी है, को बुला लिया। सचिंद्र के घर पहुंचते ही दोनों भाइयों में गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। राना अखिलेश गुस्से में छत पर चला गया। उसने अवैध पिस्तौल से गोली मार आत्महत्या कर ली।

गोली की आई आवाज़, मचा कोहराम

गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी छत की तरफ दौड़े। अखिलेश को गिरा देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अवैध पिस्तौल को भी अपने कब्जे में ले लिया ।

आए दिन दोनों भाइयों के बीच होता था झगड़ा

आस-पास के लोगों ने बताया कि, दोनों भाइयों में आए दिन झगड़ा होता था। अखिलेश 6 माह से गांव में एक मार्केटिंग नेटवर्किंग कंपनी में काम करता था। इसके पहले वह विदेश में काम करता था। जानने वाले उसे पढ़ा-लिखा और व्यवहार कुशल बताते थे। अवैध पिस्तौल से गोली चलने से ग्रामीण भी हतप्रभ हैं। मृतक की एक वर्ष पूर्व ही सविता से शादी हुई थी‌। अभी इस दंपति के कोई संतान नहीं था। मृतक के पिता की दो शादी हुई थी। पहली शादी से सविंद्र तथा राना अखिलेश थे जबकि दूसरी पत्नी से अरुण था। तीनों भाई अलग-अलग रहते हैं। अपनी जीविका चलाते थे। ग्रामीण बताते हैं कि दलित बस्ती में इनका परिवार पढ़ा- लिखा और अच्छा परिवार माना जाता रहा है। विवाद दोनों सगे भाइयों सविंद्र और राना अखिलेश के बीच चल रहा था।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story