×

Lakhimpur Kheri: एडीएम ने 5 लापरवाह अधिकारियों को दी प्रतिकूल प्रविष्टि, पराली को लेकर किया लोगों को जागरुक

Lakhimpur Kheri: डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर एडीएम संजय कुमार सिंह ने चौपाल लगाकर पराली ना जलाए जाने के संबंध में जागरूक किया

Himanshu Srivastava
Published on: 26 Oct 2022 12:51 PM GMT (Updated on: 26 Oct 2022 1:06 PM GMT)
Lakhimpur Kheri News In Hindi
X

Lakhimpur Kheri: डीएम के निर्देश पर एडीएम ने लगाई चौपाल

Lakhimpur Kheri: डीएम महेंद्र बहादुर सिंह (DM Mahendra Bahadur Singh) के निर्देश पर एडीएम संजय कुमार सिंह (ADM Sanjay Kumar Singh) ने तहसील गोला व ब्लाक कुंभी की ग्राम पंचायत अमीरनगर के पंचायत घर में चौपाल लगाकर पराली ना जलाए जाने के संबंध में जागरूक किया एवं विधिक प्रावधानों की जानकारी दी।

पराली व फसल अवशेष खेत में जलाने पर लगाए कड़े प्रतिबंध

चौपाल को संबोधित करते हुए एडीएम संजय कुमार सिंह ने कहा कि सभी किसानों को अवगत हो कि पराली व फसल अवशेष खेतों में जलाने के कारण पर्यावरण को होने वाले नुकसान तथा भूमि की उर्वरा शक्ति के निरंतर क्षति के दृष्टिगत शासन तथा राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण द्वारा पराली/फसल अवशेष खेत में जलाने पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए है और माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है।

साथ ही शासन व एनजीटी द्वारा दो एकड़ से कम रकबे पर पराली जलाने पर दो हजार पांच सौ रुपए, 02 से 05 एकड़ रकबे पर पराली जलाने पर पांच हजार तथा 05 एकड़ से अधिक रकबे पर पराली जलाने पर 15 हजार का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

एडीएम ने सभी किसानों से अपील

एडीएम ने सभी किसानों से अपील की कि फसलों की कटाई कंबाइन हार्वेस्टर में सुपर एसएमएस और अन्य फसल अवशेष प्रबंधन के यंत्रों का प्रयोग अवश्य करें तथा पराली व फसल अवशेष को खेतों में ना जलाएं, धान से निकलने वाला पुआल खंड विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी (कृषि) के माध्यम से समीप की गौशाला पर भी दिया जा सकता है।

एडीएम ने की 4 लेखपाल, 1 कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की संस्तुति

एडीएम संजय कुमार सिंह ने परासन लेखपाल रजनीश व अमीरनगर लेखपाल देवेंद्र के अनुपस्थित मिलने गांव में निवास न करने पराली के संबंध में कोई कार्यवाही नहीं करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की संस्तुति की। लेखपाल देवरिया शोभित शुक्ला को पराली जलाए जाने के संबंध में कोई कार्यवाही ना करने, मौके पर ना पहुंचने के कारण प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की। पराली जलाने वाले स्थान का निरीक्षण, कार्यवाही व जुर्माना न लगाने के कारण लेखपाल गरदहा विजय सिंह एवं राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा को प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की।

एडीएम ने ग्रामीणों को किया जागरूक

एडीएम संजय कुमार सिंह ने ग्राम घूरहा व ग्राम गरदहा का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद ग्रामीणों को पराली न जलाने को लेकर जागरूक करते हुए विधिक प्रावधानों से अवगत कराया।

चौपाल में ये रहे उपस्थित

चौपाल में प्रधान परासन मलकीत सिंह, प्रधान परसपुर मो. शाहिद, प्रधान अमीर नगर अब्दुल अजीज खा, प्रधान रसूलपुर के प्रतिनिधि नाजनी गुप्ता, प्रधान बस्तौली शिवपाल, जिपं सदस्य तौहीद खान, आसपास के ग्राम गरदहा, परासन, अमीरनगर, देवरिया, रसूलपुर, कुम्भी, बस्तौली आदि के ग्रामीण मौजूद रहे।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story