Lakhimpur Kheri: मृतक बहनों की मां की जुबानी, रूह कंपा देने वाली कहानी,...'घसीटकर ले गए थे तीन लड़के'

मृतक बहनों की मां ने मीडिया से बात करते हुए हैरान करने वाली बातें बताई। उन्होंने कहा, वो अपनी 15 साल तथा 17 साल की अपनी दोनों बेटियों के साथ बुधवार दोपहर घर के बाहर बैठी थीं। तभी..

aman
By aman
Published on: 15 Sep 2022 4:04 AM GMT (Updated on: 15 Sep 2022 4:05 AM GMT)
lakhimpur kheri case dalit girl sisters dead bodies found inside story fir lodge
X

Lakhimpur Kheri Case : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के लखीमपुर खीरी जिले निघासन कोतवाली के गांव के बाहर पेड़ से दो दलित बहनों की लटकती हुई लाश मिलने (Lakhimpur Kheri Dalit Girl Sisters Dead Body Found) के बाद से माहौल तनावपूर्ण है। एक तरफ जहां पुलिस-प्रशासन लगातार स्थिति को संभालने की कोशिशों में जुटी है, वहीं सियासत भी तेज हो गई है। इस घटना के बारे में मृतक लड़कियों की मां का आरोप बेहद गंभीर है। उनकी बातें सुनकर आपकी रूह कांप उठेगी। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। बुधवार देर रात तक स्थानीय लोगों ने बवाल काटा।

लखीमपुर मामले में दलित बेटियों की मौत पर मां ने बताया कि, कल यानी बुधवार (15 सितंबर 2022) की दोपहर तीन युवक आए थे। वो तीनों उनकी बेटियों को उठाकर ले गए। बाद में हत्या के बाद शवों को पेड़ से लटका दिया। आपको बता दें कि, यह यह घटना लखीमपुर खीरी जिले के निघासन थाना इलाके के तमोलीन गांव की है। दलित बहनों के शव मिलने के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। स्थानीय लोगों की मांग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की है। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ भी नारे लगाए। बताया जाता है कि, इस दौरान जिले के एसपी संजीव सुमन से भी भीड़ ने बहस की थी।

क्या है मामला?

यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन कोतवाली (Nighasan Kotwali) इलाके में दो सगी दलित नाबालिग बहनों का शव एक पेड़ से लटकता मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने इन बहनों को उसकी मां के सामने से ही अगवा कर लिया था। इसके बाद वो उन्हें जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले भागे थे। मृतक बहनों की मां का आरोप है कि, उनकी बेटियों के साथ पहले रेप हुआ फिर हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।

क्या कहना है लड़की की मां का?

मृतक बहनों की मां ने मीडिया से बात करते हुए हैरान करने वाली बातें बताई। उन्होंने कहा, वो अपनी 15 साल तथा 17 साल की अपनी दोनों बेटियों के साथ बुधवार दोपहर घर के बाहर बैठी थीं। इस दौरान वो बेटियों को बाहर छोड़ कपड़े रखने घर के अंदर गई। उसी वक्त बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। मृतक लड़कियों की मां ने आगे बताया, 'तीन में से दो अलग-अलग लड़कों ने उनकी बेटियों को घसीटा, फिर एक लड़के ने बाइक स्टार्ट की और दोनों को लेकर मौके से भाग खड़े हुए। लड़की की मां ने कहा, 'तीनों लड़कों का रोजाना आना होता था। कल भी जब वो आए, उस वक़्त हमारी बेटियां हमारे पास ही बैठी थी। महिला के अनुसार, तीनों युवक लालपुर के रहने वाले हैं।

पीली और सफेद शर्ट में थे आरोपी

मृतक दोनों बहनों की मां ने बताया, 'हम जैसे ही अंदर गए, तभी पीली शर्ट व सफेद शर्ट पहने दो लड़के उनकी बेटियों को घसीटकर ले जाने लगे। वहीं, नीली शर्ट पहने युवक ने बाइक स्टार्ट की। फिर तीनों युवक लड़कियों को लेकर फरार हो गए। पीड़ित मान ने कहा, इस दौरान उन्होंने बेटियों को बचाने की कोशिश की। वह दौड़ी भी मगर रोक नहीं पाई। इस भाग-दौड़ में उसके कपड़े भी फट गए।

आईजी लक्ष्मी सिंह- पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा

आपको बता दें कि, हालात की गंभीरता को समझते हुए आईजी लक्ष्मी सिंह (IG Laxmi Singh) भी घटनास्थल पर पहुंची थीं। उन्होंने परिजनों से बात की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story