×

Lakhimpur Kheri News: दो माह की प्रेग्नेंट किशोरी ने लगायी फांसी, शादीशुदा युवक पर रेप का आरोप

Lakhimpur Kheri News: जिले में दो महीने की प्रेग्नेंट किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बेटी का शव लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे।

Himanshu Srivastava
Published on: 14 Jan 2024 10:05 AM GMT
lakhimpur news
X

लखीमपुर खीरी में दो माह की प्रेग्नेंट किशोरी ने लगायी फांसी (न्यूजट्रैक)

Lakhimpur News: जिले में दो महीने की प्रेग्नेंट किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बेटी का शव लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच पुलिस भी आ गई। शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि बेटी के साथ गांव के युवक ने शादी का वादा करके रेप किया। जिस कारण वह गर्भवती हो गई। जब उसे इस बात का पता चला तो वह परेशान रहने लगी। लोकलाज के डर से उसने अपनी जान दे दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पर सुसाइड के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं शनिवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।

कमरा अंदर से किया बंद, दुपट्टे से लगाई फांसी

मामला मैगलगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां पर एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहते हैं। इस समय घर में किशोरी अपने दादा और दादी के साथ रह रही थी। वहीं उसके पिता दिल्ली में काम के लिए चले गए थे। डेढ़ महीने पहले ही वह दिल्ली से गांव आए थे। दोपहर बाद पिता किसी काम से बाहर गए थे। वहीं उसके दादा-दादी अपने कमरे में लेटे हुए थे। इसी दौरान किशोरी ने अपना कमरा अंदर से बंदकर फांसी लगा ली। जब पिता कुछ देर बार घर पहुंचे तो बेटी को न देखकर आवाज दी। इसी बीच उसे पुकारते हुए उसके कमरे तक पहुंचे।

खिड़की की दरार से झांककर देखा तो बेटी लटकी मिली

आवाज देते हुए गेट पर हाथा मारा तो पता चला वह अंदर से बंद है। कई बार आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। उन्हें कोई किसी अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की की दरार से झांककर देखा तो बेटी फंदे से झूलते हुए दिखाई दी। यह देखकर वह चिल्लाने लगे। आसपास के लोग मौके पर आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजनों और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। चूंकि कागजी कार्रवाई में समय लग गया, इसलिए किशोरी के शव को शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दोपहर बाद पांच डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई गई।

शादी का झांसा देकर मेरी बेटी के साथ किया रेप

मृतका के पिता ने बताया कि मेरी बेटी के साथ शादी का झांसा देकर रेप किया गया। इसके बाद बहला-फुसलाकर गांव का शादीशुदा युवक उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। ये लगभग डेढ़ साल से हो रहा था। युवक दो बच्चों का बाप है। जब मुझे दोनों के बारे में पता चला तो मैं बेटी को लेकर दिल्ली चला गया, लेकिन वह बीच-बीच में आती-जाती रहती थी। फोन पर युवक से बात करती थी। मेरी बेटी दो महीने की गर्भवती हो गई थी। डेढ़ महीने पहले उसके नाना की डेथ हुई तो हम उसे दिल्ली से लेकर यहां आए। यहां आने के बाद वह चुपके से युवक के घर चली गई। वहां पर युवक के परिजनों ने उसे भड़काया। उसे अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद मुझे बुलाया। मैं वहां पहुंचा तो कहा, इसे घर लेकर जाओ।

मैं अपनी बेटी को लेकर घर आ गया। इसके बाद मैं कल घर पर नहीं था। मैं बाहर था। मेरी बेटी ने कमरे में अंदर से ताला लगाकर लोक-लाज के डर से फांसी लगा ली। मेरी बेटी के साथ गलत हुआ। जिसने भी ऐसा किया उसे सजा मिलनी चाहिए। मामले में इंस्पेक्टर मैगलगंज अजय कुमार ने बताया मृतका के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस टीम गई थी। जांच पड़तला की गई। परिजनों से मामले की जानकारी ली गई है। मृतका के पिता ने तहरीर दी है। शिकायत के आधार मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story