×

Chitrakoot News: लोकेशन गैंग का सदस्य गिरफ्तार, मचा हड़कंप

Chitrakoot News: खनिज अधिकारी व थाना प्रभारी राजापुर ने दबोचा, मोबाइल फोन बरामद, वाट्सग्रुप से दे रहा था लोकेशन। ओवरलोड ट्रकों का अवैध रूप से परिवहन कराते हैं।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 15 April 2023 7:47 PM GMT (Updated on: 15 April 2023 8:26 PM GMT)
Chitrakoot News: लोकेशन गैंग का सदस्य गिरफ्तार, मचा हड़कंप
X
चित्रकूट में लोकेशन गैंग का सदस्य गिरफ्तार: Photo- Newstrack

Chitrakoot News: भरतकूप क्रशर मंडी से लेकर राजापुर व मऊ तक ओवरलोड और बिना रवन्ना ट्रकों का अवैध तरीके से परिवहन कराने वाले लोकेशन गैंग के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लोकेशन गैंग काफी पहले से सक्रिय है। यह गैंग वाट्सएप ग्रुप के जरिए ओवरलोड वाहनों का संचालन करता है। एक सदस्य की गिरफ्तारी के बाद से गैंग में हडकंप मच गया। हालांकि अभी कुछ सदस्य चुपचाप ट्रकों को निकालने में लगे हुए हैं।

लोकेशन गैंग काफी पहले से जनपद में हावी है। भरतकूप क्रशर मंडी से रोजाना औसतन करीब पांच सौ ट्रक गिट्टी लेकर विभिन्न जनपदों को गुजरते हैं। इनमें ज्यादातर ट्रक ओवरलोड होते हैं। जबकि कुछ बिना रवन्ना के ही निकलते हैं। खास बात यह है कि अफसरों से बचाने के लिए ट्रकों को तिरपाल से ढक दिया जाता है। इसके साथ ही भरतकूप, शिवरामपुर, बेडीपुलिया, कर्वी, पहाड़ी, राजापुर एवं हाईवे में मऊ व बरगढ़ तक लोकेशन गैंग के सदस्य इन ट्रकों को अफसरों से बचाकर सकुशल गन्तत्व स्थान तक निकलवाने में मददगार होते हैं।

वाट्सएप ग्रुप के जरिए पहुंचाते थे लोकेशन-

लोकेशन गैंग के ज्यादातर सदस्यों को ट्रक संचालक मानदेय के तौर पर पैसा देते हैं। यह अधिकारियों के आवास से लेकर मुख्य चैराहों में मौजूद रहकर इनकी लोकेशन रखते हैं। वाट्सएप ग्रुप के जरिए अधिकारियों की लोकेशन वह वॉयस कॉल के जरिए पहुंचाते हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अभिषेक आनंद व एसपी वृंदा शुक्ला ने पकड़े गए गैंग के सदस्य की जानकारी मीडिया को दी। बताया कि राजापुर थाने के एसएसआई रामवीर सिंह को मुखबिर के जरिए जानकारी मिली कि कुछ लोग अपराधिक गतिविधियो में संलिप्त होकर लोक सेवक के कार्यों में बाधा पहुंचाकर लोक संपत्ति की क्षति करते हुए अवैध ओवरलोड ट्रकों में गिट्टी, मोरंग व बालू का परिवहन कराते हैं।

मोबाइल के माध्यम से अधिकारियों की लोकेशन की सूचना वाहन चालकों को देते हैं। फलस्वरूप खनिज अधिकारी सुधाकर सिंह व थाना प्रभारी राजापुर भास्कर मिश्र ने बनवारी यादव निवासी गोंडा थाना भरतकूप को कमासिन रोड टैंपो स्टैंड कस्बा राजापुर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास एक मोबाइल फोन व 250 रुपये बरामद हुए। बरामद मोबाइल में चेक करने पर एक वाट्सग्रुप बना पाया गया, जिसके जरिए वह अधिकारियों की लोकेशन पहुंचा रहा था। ग्रुप का वह खुद ही एडमिन बना था।

ट्राफिक चैराहे पर हर समय मौजूद रहता है गैंग-

मुख्यालय कर्वी का ट्राफिक चैराहा, जहां हर समय पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रहती है। सुबह से देर शाम तक यातायात पुलिस के जवान व जिम्मेदार अधिकारी जमे रहते हैं। जबकि रात में यहां पर पिकेट भी लगती है, लेकिन हद तो इस बात की है कि हर समय यहां पर लोकेशन गैंग के सदस्य जमे रहते हैं। इनके पास दो व चार पहिया वाहन भी उपलब्ध रहते हैं। गैंग के कुछ सदस्य तो यहां पर मौजूद रहने वाले पुलिसकर्मियों के साथ भी बैठकबाजी करते हैं। अगर कोई अधिकारी यहां से गुजरा तो तुरंत उसकी जानकारी ग्रुपों में शेयर करते हैं।

Sunil Shukla (Chitrakoot)

Sunil Shukla (Chitrakoot)

Next Story