×

Mahoba News: जी-20 से जुड़ा बुंदेलखंड के महोबा का नाम, विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को भेंट किये जायेंगे यहां के बने पुष्पकमल

Mahoba News: मनमोहन सोनी के बनाये पुष्पकमल 2016 में महोबा में आयोजित परिवर्तन रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया था। तब पीएम मोदी ने इसे बेहद पसंद किया था।

Imran Khan
Report Imran Khan
Published on: 8 Sep 2023 12:28 PM GMT
Lotuses made in Mahoba of Bundelkhand will be presented to foreign heads of state at the G-20 meeting
X

 जी-20 से जुड़ा बुंदेलखंड के महोबा का नाम, विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को भेंट किये जायेंगे यहां के बने पुष्पकमल: Photo- Social Media

Mahoba News: वैसे तो अक्सर बुंदेलखंड का महोबा जनपद अपने पिछड़ेपन को लेकर चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार महोबा की चर्चा का कारण कुछ और ही है। यहां की हस्त शिल्पकला ने महोबा को बड़ी पहचान दी है। दिल्ली में शुरू हुए जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आ रहे विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को स्मृति चिन्ह के रूप में बुंदेलखंड के महोबा में निर्मित पीतल के पुष्पकमल भेंट किये जाएंगे। जिन्हें बनाने के लिए शिल्पकार दिनरात एक करते हुए पुष्पकमलों को अंतिम रूप दे दिए।

मनमोहन सोनी की गढ़ी पीतल के पुष्पकमल भेंट किया जाएगा-

दिल्ली में 20 देशों के आने वाले मेहमानों को जनपद में कुलपहाड़ के मेटल आर्टिस्ट मनमोहन सोनी की गढ़ी पीतल के पुष्पकमल भेंट किया जाएगा। उत्तर प्रदेश हस्तशिल्प विकास एवं विपणन निगम ने मनमोहन की बनाये पुष्पकमल को 8 माह पूर्व चयनित कर लिया था। मनमोहन को यूपीएचएमडीसी ने 50 कमलकृतियों को तैयार करने का आर्डर दिया था जिसे बनाकर आज भेज दिया गया है।

मनमोहन सोनी का पूरा परिवार जानता है इस कला को: Photo-Newstrack

महोबा ही नहीं बल्कि पूरे बुंदेलखंड को गौरवांवित होने का यह क्षण है जो महोबा की पहचान को नये आयाम दे रहा है। जी-20 शिखर सम्मेलन शुरु होने के पहले पुष्पकमल की कलाकृतियों को समय से बनाकर आज दिल्ली भेज दिया गया है। वर्ष 1998 में राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार, 1997 में नेशनल मेरिट अवार्ड व 2012 में नेशनल अवार्ड जीतने वाले मनमोहन सोनी पीतल की कलाकृतियां गढ़ने के माहिर हैं। मनमोहन 2012 में अपनी कलाकृतियों की माॅस्को में प्रदर्शनी लगा चुके हैं। देश के सभी प्रमुख शहरों, महानगरों व हस्तशिल्प मेलों में अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित कर चुके हैं।

वर्तमान में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व भाजपा नेता पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, पीएम मोदी को पुष्पकमल भेंट करते हुए: Photo- Social Media

पीएम मोदी को भी है बेहद पसंद-

मनमोहन सोनी के बनाये पुष्पकमल उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व भाजपा नेता पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने 2016 में महोबा में आयोजित परिवर्तन रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट में दी थी। तब पीएम मोदी ने इसे बेहद पसंद किया था। शिल्पकार मनमोहन सोनी अपने पिता के समय से पीतल की कलाकृतियों को बनाते चले आ रहे हैं।

शिल्पकार मनमोहन सोनी द्वारा तैयार की गई पीतल की कमलकृति पांच इंच की है। इसमें 8 बड़ी व 8 छोटी पंखुडियों समेत 16 पंखुडियां हैं। इस कमलपुष्प को जब खोलते हैं तो सभी पंखुडियां खिली हुई अवस्था में नजर आती हैं। इसे बंद करने पर सभी पंखुडी अंदर बंद हो जाती हैं एवं कमल की केेवल कली नजर आती है। मनमोहन सोनी को 50 सेट कमलकृति तैयार करने में एक माह का समय लगा है।

पूरा परिवार जानता है इस कला को

मनमोहन सोनी का पूरा परिवार पीतल की नयनाभिराम कलाकृतियां गढ़ने के लिए जाना जाता है। मनमोहन के बड़े भाई कल्याणदास भी नेशनल अवार्ड जीत चुके हैं। उनके छोटे भाई आजाद व शिवकुमार भी स्टेट अवार्ड जीत चुके हैं और तो और मनमोहन के काम में घर की महिलाएं भी जरूरत पड़ने पर सहयोग करती हैं। मनमोहन की कमलकृति को दुनिया भर के दिग्गज राष्ट्राध्यक्षों को स्मृतिचिन्ह के रूप में भेंट किया जाना जो बुंदेलखंड के लिए गौरव की बात है। जी-20 सम्मेलन में इन कमलपुष्प को बनाकर भेजा गया है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story