×

लखनऊ: होम आइसोलेशन में 3 मरीजों की मौत, दिव्यांग पत्नी 4 दिन तक रही शवों के साथ

कृष्णा नगर की LDA कॉलोनी में होम आइसोलेशन के दौरान अरविंद गोयल (60) और उनके बेटे आशीष गोयल (25) की मौत हो गई।

Network
Newstrack Network NetworkPublished By Chitra Singh
Published on: 2 May 2021 6:36 AM GMT (Updated on: 2 May 2021 7:54 AM GMT)
लखनऊ: होम आइसोलेशन में 3 मरीजों की मौत, दिव्यांग पत्नी 4 दिन तक रही शवों के साथ
X

कोरोना मरीजों की मौत (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी से एक बड़ी खबर सामने आई है। लखनऊ के कृष्णा नगर में होम आइसोलेशन (Home isolation) में रह रहे 3 मरीजों की मौत हो गई। पड़ोसियों ने दुर्गंध आने पर पुलिस को इसकी सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णा नगर के LDA कॉलोनी के D-1 में 3 लोगों की मौत हुई है। कृष्णा नगर की LDA कॉलोनी में होम आइसोलेशन (Home isolation) के दौरान अरविंद गोयल (60) और उनके बेटे आशीष गोयल (25) की मौत हो गई। घर में मृतक अरविंद गोयल के अलावा उनकी दिव्यांग पत्नी भी थीं। आपको जानकर हैरानी होगी कि पत्नी चार दिनों तक अपने पति और बेटे के साथ रहीं।

पति-बेटे के शव को देखकर पत्नी दहशत में

दिव्यांग पत्नी का कहना है कि अपने पति और बेटे के शव को देखकर चिल्लाती रहीं, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। हाथ-पैर से लाचार होने के कारण वह मदद के लिए अपने घर के गेट तक भी नहीं पहुंच सकीं। पति-बेटे के शव को देखकर मृतक अरविंद की पत्नी दहशत में हैं। वहीं चार दिनों के बाद जब मोहल्ले वालों को दुर्गंध आने लगी, तब उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शव (कॉन्सेप्ट फोटो- सोशल मीडिया)

इस मामले पर कृष्णानगर इंस्पेक्टर महेश दुबे ने बताया कि पिता और पुत्र दोनों संक्रमित होने के कारण होम आइसोलेशन (Home isolation) में थे। संक्रमित होने के कारण ही दोनों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अरविंद की पत्नी अपने पति और बेटे के शव को देखकर दहशत में हैं, उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होम आइसोलेशन में रह रहे विवेक शर्मा की मौत

वहीं, कुछ ऐसा ही मामला कृष्णा नगर के D-1 से सामने आई है। होम आइसोलेशन (Home isolation) में रह रहे विवेक शर्मा (35) का भी शव मिला है। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया गया जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, विवेक शर्मा कोरोना संक्रमित थे, संक्रमित होने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक का भाई कोलकत्ता में रहता है और बहन बनारस में रहती हैं। पुलिस ने उन्हें सूचना दी लेकिन कल रात तक कोई नहीं आया, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने शव का अंतिम संस्कार किया।

Chitra Singh

Chitra Singh

Next Story