TRENDING TAGS :
कांग्रेस में दिग्गजों का इस्तीफा: अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ा, हार के बाद सोनिया का एक्शन जारी
Ajay Kumar Lallu Resigns: उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपना त्याग पत्र सोनिया गांधी को भेज दिया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू: photo - social media
Ajay Kumar Lallu resigns: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफा मांगा था। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपना त्याग पत्र सोनिया गांधी को भेज दिया है। अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश अध्यक्ष पद से त्याग पत्र में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस आलाकमान को अपना इस्तीफा भेज दिया। इसके साथ ही पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर में भी प्रदेश अध्यक्ष बदले जाएंगे।
अजय कुमार लल्लू का ट्वीट
लल्लू ने ट्वीट कर कहा की 'विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार। कार्यकर्ता के तौर पर आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहूंगा।
आपको बता दें कल सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की अगुवाई में सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई थी। जिसमें 5 राज्यों के नतीजों पर चर्चा हुई थी और संगठन को लेकर बड़े बदलाव के संकेत भी दिए गए थे। जिसके बाद आज प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक की।
इस बैठक में अजय लल्लू, आराधना मिश्रा उर्फ़ मोना, प्रमोद तिवारी, अजय राय, सलमान खुर्शीद, इमरान प्रतापगढ़ी, जैसे बड़े नेता शामिल थे। जिनमें हार के कारणों पर चर्चा की गई और अब कहा जा रहा है उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव हो सकता है। जिसकी शुरुआत चुनाव हारने वाले पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष के त्यागपत्र से शुरू हो गया है।