×

Lucknow News: नगर निगम की पहली गौशाला कान्हा उपवन को मिला ISO प्रमाण पत्र: दूध बेचकर हर महीने करीब 3 लाख रुपए की है आमदनी

लखनऊ नगर निगम की ओर से संचालित नादरगंज अमौसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला को हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय मानक संगठन (ISO) द्वारा ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

Virat Sharma
Published on: 21 March 2025 7:46 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News: Photo-Social Media

Lucknow News: लखनऊ नगर निगम की ओर से संचालित नादरगंज अमौसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला को हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय मानक संगठन (ISO) द्वारा ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह प्रमाण पत्र गौशाला की उच्चस्तरीय व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली के कठोर निरीक्षण के बाद दिया गया है, जिसका आवेदन फरवरी माह में किया गया था। गौरतलब है कि कान्हा उपवन गौशाला को यह प्रतिष्ठित प्रमाण पत्र उसके गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रदान किया गया है। यह लखनऊ नगर निगम की पहली गौशाला है जिसे ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। वर्तमान में यहां लगभग 10 हजार गोवंश का संरक्षण, भरण-पोषण, चिकित्सा और देखभाल की जा रही है।

कान्हा उपवन की स्थापना और निरंतर विकास

कान्हा उपवन गौशाला की स्थापना 2012 में तत्कालीन मेयर और वर्तमान राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा की प्रेरणा से की गई थी, जो गोवंशों के प्रति अपनी गहरी भावना और समर्पण के कारण निराश्रित गोवंशों के संरक्षण में जुटे थे। लखनऊ नगर निगम ने इस गौशाला का निरंतर विस्तार और सौंदर्यकरण किया है, जिससे यह गौशाला एक मॉडल बन गई है। प्रदेश सरकार और नगर निगम के निरंतर प्रयासों के कारण कान्हा उपवन गौशाला ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह प्रमाण पत्र तीन वर्षों तक वैध रहेगा, और यह गौशाला के गुणवत्ता प्रबंधन और सुरक्षित देखभाल प्रणाली को प्रमाणित करता है।

उत्पादकता और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कान्हा उपवन

वहीं लखनऊ कान्हा उपवन गौशाला अब आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी काम कर रही है। यहां उत्पादित गोबर का उपयोग बायो-सीएनजी उत्पादन में किया जाता है, जबकि गौशाला से प्राप्त दूध को कर्मचारियों के बच्चों में वितरित करने के बाद बाकी दूध को बेचकर नगर निगम को प्रति माह औसतन 3 लाख रुपये की आमदनी हो रही है। इसके अतिरिक्त यहां बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की गई है। तो वहीं कान्हा उपवन गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, प्रदेश सरकार के मंत्री, उच्च न्यायालय के न्यायधीशों और अन्य उच्च अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है, जिन्होंने यहां किए गए प्रयासों की सराहना की है।

महापौर और नगर आयुक्त ने दी बधाई

महापौर लखनऊ सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कान्हा उपवन के सभी गौपालकों और अधिकारियों को इस सफलता के लिए बधाई दी है। यह प्रमाण पत्र गौशाला के उत्पादों और प्रबंधन में आम जनता का विश्वास बढ़ाएगा और यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि नगर निगम लखनऊ निराश्रित गोवंशों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Virat Sharma

Virat Sharma

Lucknow Reporter

Lucknow Reporter

Next Story