×

Lucknow: लखनऊ के विकास नगर में धंसी सड़क, 20 फ़ीट का बना गड्ढा, समा जाएंगी बड़ी-बड़ी गाड़ियां

Lucknow: लखनऊ के विकास नगर इलाके में सड़क धंस गई। सड़क शंकरजी की मूर्ति चौराहे के पास धंसी। सड़क धंसने की वजह क्या थी, ये पता तो नहीं चल पाया। लेकिन, 20 फ़ीट गहरा गड्ढा जरूर हो गया।

Ashutosh Tripathi
Published on: 28 Nov 2022 7:01 AM GMT (Updated on: 28 Nov 2022 7:36 AM GMT)
lucknow road suddenly collapsed in vikas nagar area
X

लखनऊ के विकास नगर में अचानक धंस गई सड़क (Photo- Ashutosh Tripathi)

Lucknow News : यूपी की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में सोमवार (28 नवंबर) की सुबह सड़क धंस गई। सड़क शंकरजी की मूर्ति चौराहे के पास धंसी है। सड़क धंसने की वजह क्या थी, ये पता तो नहीं चल पाया। लेकिन, 20 फ़ीट गहरा गड्ढा जरूर हो गया। हादसे की होने की सम्भावना को देखते हुए स्थानीय लोगों और पुलिस ने उक्त रास्ते को बंद कर दिया। स्थानीय लोगों और प्रशासन को आश्चर्य इस बात की हो रही है कि अचानक इतना बड़ा गड्ढा हो कैसे गया। जबकि, हाल में न तो बारिश हुई है और न ही जलभराव आदि की कोई समस्या है। अक्सर देखा गया है कि बरसात के समय इस तरह की घटनाएं देखने को मिलती हैं।

गौरतलब है कि, पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़कों को 'गड्ढा मुक्त' करने का अभियान चलाया जा रहा है। सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा कर रही है। मगर, सोमवार को विकास नगर के सेक्टर-1 इलाके में सड़क धंसने से सरकार की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है।


क्या है मामला?

बता दें कि सोमवार को लखनऊ में विकास नगर सेक्टर 1 स्थित शंकर जी की मूर्ति चौराहे के पास आज सुबह करीब 10 बजे सड़क लगभग 20 फिट की गहराई में धंस गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने रास्ते को बंद कर दिया। विकासनगर की यह सड़क कुर्सी रोड को जोड़ती है और काफी व्यस्त मार्ग है। गनीमत रही कि जिस समय यह गड्ढा हुआ उस समय वहां पर कोई कार सवार या बाइक सवार नहीं गुजर रहे थे नहीं तो बाद हादसा हो सकता था।

हालांकि गड्ढा होने से पहले वहां से कुछ सवारिया जरूर गुजरी थी, लेकिन भगवान की कृपा थी कि कोई हादसा नहीं हुआ। गड्ढा इतना बड़ा हुआ है कि यदि उसमें कोई कार सवार बाइक सवार गिर जाता गंभीर चोटे आती और हताहत की भी संभावना थी। हालांकि इस रोड को अभी यातायात के लिए रोक दिया गया है। दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगा दिया गया है। और अब सरकार की तरफ से गड्ढे को भरने के कार्य शुरू किए जाएंगे। लेकिन यहां यह सवाल खड़ा होता है कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सड़कों का यह हाल हो रहा है तो अन्य जिलों का क्या हाल होगा।

गड्ढा मुक्त अभियान में 2 दिन बचे हैं

गड्ढा मुक्ति अभियान में सरकार द्वारा दिए गए टाइमलाइन ख़त्म होने में मात्र 2 दिन का समय बचा है। ऐसे में अब सड़कों का धसना सरकार की पोल खोल रही है। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी अभी तक नगर निगम का कोई बड़ा अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा है। कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम से लेकर लोक निर्माण विभाग तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। सड़कों की खराब स्थिति के लिए शासन के ही लोग जिम्मेदार हैं। इसमें नेता से लेकर अधिकारी मिलीभगत है।

अचानक धंसी सड़क

विकास नगर के रहने वाले लोगों ने बताया कि हर रोज की तरह वो अपने काम में जुटे थे कि, सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर अचानक सड़क धंस गई। हड़बड़ी में स्थानीय लोगों ने गद्दे के आसपास वाहन आदि खड़ी कर रस्ते को बंद कर दिया। ताकि, कोई हादसा न हो जाए। जल्दबाजी में लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस वालों ने उस रास्ते से गुजरने वाले वाहनों को बगल से गुजरने की व्यवस्था की। लेकिन, लोग हैरान हैं कि अचानक इतना बड़ा गड्ढा हो कैसे गया।

लगाई गई बैरिकेडिंग

कुछ देर में स्वेज इंडिया की टीम और लोहिया नगर वार्ड की पार्षद भी मौके पर पहुंचे। पार्षद मिथिलेश चौहान और पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते को अवरुद्ध किया। आने-जाने वाले को दिक्कत न आए, उसके लिए बगल से इंतजाम किए गए। सड़क धंसने की मुख्य वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चर्चा आम है कि, सड़क बनते वक्त इंजीनियर ने अपने काम में लापरवाही बरती जी वजह से ये घटना हुई। इसके लिए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है। ताकि, आगे नजीर बन सके।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story