×

Sahara Hospital: बिकेगा लखनऊ का सहारा हॉस्पिटल, मैक्स ग्रुप की इतने में हुई डील

मैक्स ने 8 दिसंबर को लगभगल 940 करोड़ में स्टारलिट मेडिकल सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की 100 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के समझौते पर हस्ताक्षर किया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 8 Dec 2023 5:38 PM GMT (Updated on: 9 Dec 2023 5:32 AM GMT)
Sahara Hospital: बिकेगा लखनऊ का सहारा हॉस्पिटल, मैक्स ग्रुप की इतने में हुई डील
X

Sahara Hospital: शून्य से शिखर तय करने वाले सहारा श्री द्वारा तैयार कराया गया सहारा अस्पताल अब बिकने जा रहा है। जानकारी के अनुसार मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लि. (एमएचआईएल)के साथ क़रीब 940 करोड़ में डील तय हुई है। मालूम हो कि सहारा अस्पताल 550 बेड का सूबे के बड़े अस्पतालों में से एक है। मैक्स ने अस्पताल के 100 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के समझौते पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किया। सहारा अस्पताल का मालिकाना हक फिलहाल स्टारलिट मेडिकल सेंटर प्राइवेट लिमिटेड के पास है। जो डील के बाद मैक्स के पास आ जाएगा। मैक्स की ओर से इस सौदे को लेकर एक बयान जारी किया गया है।

कंपनी के एमडी अभय सोई ने कहा कि हम बहुत खुश हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यह सौदा हमारी रणनीति के अनुरूप है। इस सफल सौदे के बाद हम लखनऊ, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ आसपास के राज्यों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। सोई ने आगे कहा कि सफल अधिग्रहण के बाद हमे अपने अच्छे रिकॉर्ड के दम पर अस्पताल के संचालन और वित्तीय स्थिति में तेजी से सुधार करने की उम्मीद है। हम अपने डॉक्टर्स के दम पर मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं प्रदान करने पर जोर देंगे।

नॉर्थ इंडिया का बड़ा हेल्थकेयर ग्रुप है मैक्स

मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लि. (एमएचआईएल) 17 स्वास्थ्य सुविधाओं के नेटवर्क के साथ नॉर्थ इंडिया के बड़े हेल्थकेयर समूहों में शामिल है। समूह देश में कई अस्पताल और चिकित्सा केंद्र का संचालन करता है। इनमें से आठ अस्पताल और चार चिकित्सा केंद्र दिल्ली-एनसीआर में स्थित हैं और अन्य मुंबई, मोहाली, देहरादून और बठिंडा में स्थित हैं। कंपनी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मैक्स हेल्थकेयर सहारा अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंस और गुर्दा विज्ञान जैसे मौजूदा कार्यक्रमों को मजबूत करने के अलावा कर्करोग विज्ञान और अंग प्रत्यारोपण सहित अन्य नई चिकित्सा सेवाएं भी शुरू करेगा।

27 एकड़ में फैला सहारा अस्पताल

राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में करीब 27 एकड़ में सहारा अस्पताल फैला हुआ है। यह अस्पताल एनएबीएल और एनएबीएच मान्यता के साथ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल है। 17 मंजिला इमारत वाले इस हॉस्पिटल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरो, सर्जरी, कार्डियोलॉजी, पल्मोनोलॉजी और डायग्नोस्टिक्स सुविधाओं का इलाज होता है। इसी परिसर में 100 सीटों की क्षमता वाला एक नर्सिंग कॉलेज भी चलता है।

बता दें कि नवंबर माह में मुंबई के एक अस्पताल में सहारा समूह के संस्थापक सुब्रत रॉय का निधन हो गया था। रॉय करीब एक दशक से देश में कानूनी पचड़ों का सामना कर रहे थे और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। उनके दोनों बेटे देश से बाहर हैं।





Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Started career with Jagran Prakashan and then joined Hindustan and Rajasthan Patrika Group. During her career in journalism, worked in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi.

Next Story