Lucknow Weather Today: लखनऊ में दिखने लगा गर्मी का असर, गोमती नदी का जलस्तर नीचे गया, हो सकता है पेयजल संकट

Lucknow Ka Mausam 01 March 2023: लखनऊ में पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। गोमती नदी का जलस्तर 1.4 फ़ीट नीचे तक चला गया है। जिससे आने वाले दिनों में पेयजल संकट हो सकता है।

aman
Written By aman
Published on: 1 March 2023 12:59 AM GMT
Lucknow Ka Mausam
X

Lucknow Ka Mausam (photo: social media )

Lucknow Ka Mausam 01 March 2023: यूपी के मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में फरवरी में ही तापमान रिकॉर्ड ऊंचाई पर जा रही है। राजधानी लखनऊ भी इससे अछूता नहीं है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। हालांकि, इस बीच बादलों की आवाजाही बरक़रार है। हल्की हवाएं भी धूप की तपिश को कम करने में मददगार हो रही हैं। सोमवार इस सीजन में सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि, इस साल मार्च महीना बेहद गर्म रहने वाला है।

लखनऊ का वेदर भी अन्य शहरों के साथ तपिश भरा होता जा रहा है। अभी से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। फ़रवरी के शुरुआत में हल्की-फुलकी बारिश और पहाड़ों से चलने वाली सर्द हवाओं ने थोड़ी राहत दी थी। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो इस बार लखनऊ में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। हालांकि, नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हुआ है। जिससे अनुमान है कि वेस्ट यूपी के कुछ जिलों में 2 मार्च तक बारिश हो सकती है।

लखनऊ में तापमान रिकॉर्ड चढ़ा

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को भी लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा था। लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार (01 मार्च 2023) को लखनऊ बाकी दिनों की तुलना में और गर्म रहेगा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान 10-12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से तेज हवाएं चलेंगी। लखनऊ ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में भी तापमान ऊपर जाने लगा है। पड़ोसी जिले कानपुर का अधिकतम तापमान भी 32 डिग्री के करीब रह रहा है। कमोबेश यही हालात बाराबंकी और अयोध्या के भी हैं।

...तो लखनऊ में होगा पेयजल संकट

गर्मियों की शुरुआत और लगातार तापमान बढ़ने की वजह से लखनऊ में गोमती नदी (Gomti River) का जल स्तर सामान्य से 1.4 फीट नीचे तक गिर गया है। इसकी मुख्य वजह सर्दियों में बारिश न होना बताया जा रहा है। साथ ही, फरवरी में असामान्य रूप से बढ़ता तापमान भी एक वजह बताया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो सामान्य स्तर 'इनटेक पॉइंट' है, जिसके नीचे गौघाट वाटर वर्क्स में जल संस्थान पंपिंग स्टेशन पुराने शहर के कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति करने के लिए पानी नहीं खींच पा रहा। ख़बरों की मानें तो कहा जा रहा है कि, अगर अगले छह दिनों में सिंचाई विभाग द्वारा शारदा नहर से नदी को ताजा आपूर्ति नहीं की गई तो लखनऊ में पेयजल संकट पैदा हो सकता है। जलकल विभाग के अनुसार गौघाट पम्पिंग स्टेशन पर जलस्तर 345. 3 फीट तक पहुंच गया है। बता दें, इस स्तर तक नदी आमतौर पर मई महीने में पहुंचती है।

गर्मी पर स्वास्थ्य मंत्रालय का अलर्ट

उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के अन्य राज्यों में भी गर्मी बढ़ती जा रही है। तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण (Union Health Secretary Rajesh Bhushan) ने गर्मी से जुड़ी बीमारियों को लेकर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अलर्ट किया है। उन्होंने सभी प्रदेशों से 'नेशनल एक्शन प्लान' पर ध्यान देने को कहा है। जिसमें कहा गया है कि, देश में कुछ जगहों पर तापमान पहले ही काफी अधिक है। ऐसे में गर्मी से होने वाली बीमारियां भी अब बढ़ने लगेंगी। इसी के मद्देनजर केंद्र ने सभी राज्यों को पहले ही सचेत किया है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story